मिशन 2027 का कांग्रेस ने किया चुनावी शंखनाद, आराधना मिश्रा ‘मोना’ बोलीं- चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे

Congress launches Mission 2027, Aradhana Mishra 'Mona' says she will contest and win

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 14 Nov, 2026 10:34 AM

लखनऊ, 12 नवंबर 2026 (आईपीएन)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने औपचारिक रूप से चुनावी शंखनाद कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रदेशभर के सभी जिला एवं शहर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों तथा विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रमुखों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मिशन 2027 की रणनीति, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। मिशन 2027 का आज आगाज हो रहा है। आप सभी कांग्रेस के योद्धा हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारी के लिए चार महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से काम करना होगा। इनमें मीडिया, सोशल मीडिया, वार रूम और विधि विभाग शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया चुनाव का नैरेटिव तय करने और माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सोशल मीडिया आज राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन का अहम अंग बन चुका है। इसका सकारात्मक उपयोग करना जरूरी है। वार रूम के माध्यम से पार्टी की नीतियों और गतिविधियों की जानकारी जन-जन तक तथा कार्यकर्ताओं तक पहुंचानी होगी।

विधि विभाग की भूमिका पर उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर जननायक राहुल गांधी के संघर्ष के साथ आज पूरा देश खड़ा हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने इसके लिए काफी मेहनत की है। उस मेहनत से बने माहौल को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। मतदाताओं के वोट सुरक्षित रखते हुए उन्हें बूथ तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि अब जिले-जिले में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को मजबूत करने के लिए जुट जाएं। चुनाव लड़ना भी है और लड़ाना भी है। हमें निश्चित रूप से जीत हासिल होगी।

कार्यशाला में मीडिया, सोशल मीडिया, विधि विभाग और कनेक्ट सेंटर की ओर से डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से प्रस्तुतिकरण दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेताओं को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस एक दिवसीय कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम, प्रभारी सचिव अब्दुल हन्नान, वरुण चौधरी, कुनाल चौधरी, जगदीश चन्द्र जांगीड़, अभिषेक दत्त और संजीव आर्य शामिल हुए।

इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेन्द्र चौधरी, उत्तर प्रदेश वार रूम के चेयरमैन एवं विधायक सचिन सुभाष यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद सहित सभी जिला एवं शहर अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रमुख मौजूद रहे।


मिशन 2027 का कांग्रेस ने किया चुनावी शंखनाद, आराधना मिश्रा ‘मोना’ बोलीं- चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे

राजेन्द्र पाल गौतम बोले, निष्क्रिय जिला-शहर अध्यक्ष बदले जाएंगे

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि संगठन सृजन के माध्यम से नियुक्त किए गए जिला एवं शहर अध्यक्ष अपने पदों पर बने रहेंगे, लेकिन निष्क्रिय और काम नहीं करने वाले अध्यक्षों को अवश्य बदला जाएगा।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले सभी को अपने मन में जीतने की दृढ़ इच्छाशक्ति पैदा करनी होगी, क्योंकि मन के हारे हार है और मन के जीते जीत। जिसने जीतने का मन बना लिया, उसे कोई हरा नहीं सकता। कांग्रेसजनों को अपने गौरवशाली इतिहास को याद करना होगा। कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाई और सैकड़ों बड़े सार्वजनिक उपक्रमों तथा विद्यालयों की स्थापना की।

उन्होंने कहा कि आज जाति और धर्म की राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है। वर्तमान सत्ता में बैठी पार्टी कांग्रेस द्वारा स्थापित सैकड़ों सार्वजनिक उपक्रमों को बेचने के लिए नया मंत्रालय बनाकर उन्हें बेचने का काम कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने कभी धर्म और जाति की राजनीति नहीं की।

पीलीभीत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी 15 दिनों के भीतर प्रत्येक बूथ पर चार लोगों की कमेटी बनाएं। एसआईआर ड्राफ्ट की प्रति लेकर मतदाता सत्यापन का काम पूरा करें और पूरी मजबूती के साथ बूथों पर जुट जाएं। उन्होंने कहा कि देश में सबसे भ्रष्ट और नकारा सरकार सत्ता में है। हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा विफल हो चुका है और आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। ऐसे में सभी को साथ लेकर संघर्ष करना होगा और विजय सुनिश्चित करनी होगी।

उन्होंने कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेन्द्र चौधरी से सरकार के बजट और व्यय को लेकर चार्जशीट तैयार करने को कहा, ताकि उसे सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा सके।


मिशन 2027 का कांग्रेस ने किया चुनावी शंखनाद, आराधना मिश्रा ‘मोना’ बोलीं- चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे

इमरान मसूद बोले, राहुल गांधी से भाजपा और मोदी का मुकाबला

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने कहा कि आज के परिवेश में भारतीय जनता पार्टी और नरेन्द्र मोदी से कोई लोहा ले रहा है तो वह राहुल गांधी हैं। चुनाव नैरेटिव पर लड़ा जाता है। भाजपा ने अपनी ओर से पूरी ताकत लगा दी, लेकिन राहुल गांधी देश के लिए लड़े, झुके नहीं और डरे नहीं। यही नैरेटिव हमें जनता के बीच लेकर जाना है। प्रयास करने से रास्ते खुद-ब-खुद खुल जाते हैं।


मिशन 2027 का कांग्रेस ने किया चुनावी शंखनाद, आराधना मिश्रा ‘मोना’ बोलीं- चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे

पवन खेड़ा ने रोजगार, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को बनाया मुद्दा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि उत्तर प्रदेश से गोविन्द बल्लभ पंत और शीला दीक्षित जैसे महापुरुषों का नाम जुड़ा है। अब भाजपा को बताने की जरूरत है कि जवाब कांग्रेस नहीं, भाजपा को देना है। हिंदू-मुस्लिम की बात बाद में होगी, पहले रोजगार, अत्याचार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बात होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इकबाल खत्म हो चुका है। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ उठे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। योगी सरकार द्वारा एसआईटी गठित किए जाने के बावजूद रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में मेडिकल घोटाला चल रहा है और गंभीर बीमारियों की दवाओं में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने कथित घोटाले की राशि 12 से 15 हजार करोड़ रुपये बताते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ इन मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाना होगा।


मिशन 2027 का कांग्रेस ने किया चुनावी शंखनाद, आराधना मिश्रा ‘मोना’ बोलीं- चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे

इसके बाद कांग्रेस पार्टी का मीडिया के साथ संवाद किस तरह प्रभावी बनाया जाए, इस विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे ने मीडिया विभाग का प्रस्तुतिकरण दिया।

एसआईआर और मतदाता सूची पर निगरानी के लिए विधि विभाग ने दिया प्रशिक्षण

विधि विभाग की ओर से अधिवक्ता अली आसिफ जमा रिजवी ने प्रस्तुतिकरण देते हुए कहा कि सबसे पहले एसआईआर ड्राफ्ट की जांच करनी होगी और अपना वोटर कार्ड दुरुस्त कराना होगा। एसआईआर की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखना भी जरूरी है।

सोशल मीडिया की ओर से आयुष पाण्डेय, नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं इंचार्ज यूपी तथा प्रनव वच्छरदानी, नेशनल कन्वीनर एवं इंचार्ज यूपी इलेक्शन ने प्रस्तुतिकरण दिया। वहीं कनेक्ट सेंटर और वार रूम की ओर से मनीष हिन्दवी, विकास यादव और सचिन सुभाष यादव ने डिजिटल माध्यम से चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय को लेकर जानकारी दी।

#Mission2027 #UPCongress #AradhanaMishraMona #RahulGandhi #RajendraPalGautam #PawanKhera #ImranMasood #Congress #INDIAAlliance #UttarPradeshPolitics #UPAssemblyElection2027 #SIR #VoterRights #CongressWarRoom #PoliticalNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.