अंत्योदय के संकल्प के साथ भाजपा ने मनाई पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती
BJP celebrated Pt. Deendayal Upadhyay Jayanti with the resolve of Antyodaya
IPN Live
Lucknow, 25 Sep, 2026 08:29 PMलखनऊ, (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को एकात्म मानववाद के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पूरे प्रदेश में अंत्योदय के संकल्प के साथ मनाई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
"मानव के समग्र विकास का दर्शन है एकात्म मानववाद" : पंकज चौधरी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन का मूल आधार मानव का समग्र विकास है। उनके अनुसार शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा इन चारों की उन्नति ही वास्तविक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों, कार्यों और आदर्शों के माध्यम से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद तथा जन-जन के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने अंत्योदय की अवधारणा के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और अवसर पहुंचाने का संदेश दिया। श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
"समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को समर्पित था उनका जीवन" : धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता, कुशल संगठनकर्ता और भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित और अंत्योदय के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को अपना ध्येय बनाया और उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रहित, सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता के उनके आदर्श सदैव प्रासंगिक रहेंगे।
जयंती समारोह के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अंत्योदय के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
#DeendayalUpadhyaya #Antyodaya #EkatmaManavvad #BJP #PankajChaudhary #DharampalSingh #BJPUP #Lucknow #UttarPradesh #JanSangh #NationFirst #CulturalNationalism #PoliticalNews

No Previous Comments found.