यूपी में 3,195 करोड़ के जापानी निवेश से खुलेंगे 10 हजार से अधिक रोजगार के द्वार
Japanese investment of Rs 3,195 crore in UP will open doors for more than 10,000 jobs.
IPN Live
Lucknow, 20 Aug, 2026 01:28 AMयूपी-जापान निवेश सम्मेलन में कुबोटा और मिंडा के प्रोजेक्ट्स की हुई वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग, यीडा में स्थापित होंगी नई विनिर्माण इकाइयां
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ती औद्योगिक साझेदारी ने बुधवार को नई ऊंचाई हासिल की। नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की कुल 3,195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग की गई। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में स्थापित होने वाली इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में नई विनिर्माण क्षमताओं का विकास होगा और जापानी कंपनियों के निवेश को भी गति मिलेगी। यीडा में दो बड़े मेगा प्रोजेक्ट शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ सहायक उद्योगों और सप्लाई चेन के विस्तार के नए अवसर पैदा होंगे।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा का 2,029 करोड़ का निवेश
ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण बनाने वाली एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में 2,029 करोड़ रुपये का निवेश कर नई विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है। इस इकाई में ट्रैक्टर और उपकरण संबंधी उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना के माध्यम से 3,800 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। परियोजना के शुरू होने से कृषि एवं निर्माण उपकरण क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की विनिर्माण क्षमता को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
मिंडा के दो प्रोजेक्ट में 1,166 करोड़ का निवेश
मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड भी यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1,166 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इन दोनों परियोजनाओं से करीब 6,440 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
ऑटोमोटिव क्षेत्र से जुड़ी इन परियोजनाओं से प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सहायक उद्योगों और सप्लाई चेन को भी मिलेगा लाभ
दोनों कंपनियों का कुल निवेश 3,195 करोड़ रुपये है और इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होने की उम्मीद है। परियोजनाओं के जमीन पर उतरने से यीडा क्षेत्र में सहायक उद्योगों, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन से जुड़े कारोबार के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।
यह निवेश उत्तर प्रदेश और जापान के बीच मजबूत होते औद्योगिक रिश्तों और प्रदेश में जापानी कंपनियों के बढ़ते भरोसे का संकेत माना जा रहा है। इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश के विनिर्माण क्षेत्र को नई गति मिलने के साथ जापान के साथ औद्योगिक सहयोग और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
#UPJapanInvestmentMeet2026 #JapanInvestment #Kubota #Minda #YEIDA #UttarPradesh #JapaneseInvestment #Manufacturing #Investment #Employment #IndustrialDevelopment #Automobile #Tractor #MakeInUP #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.