यूपी में निवेश करें, हर स्तर पर मिलेगा पूरा सहयोग : सीएम योगी
Invest in UP, you will get full support at every level: CM Yogi
IPN Live
Lucknow, 20 Aug, 2026 02:29 AMनौ वर्षों में यूपी में 360 डिग्री बदलाव ने प्रदेश को बनाया निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के दौरान प्रमुख कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ आयोजित राउंड टेबल मीटिंग में निवेशकों का प्रदेश में निवेश के प्रति उत्साह दिखाने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 360 डिग्री का व्यापक बदलाव हुआ है। इसी परिवर्तन के चलते आज उत्तर प्रदेश भारत के प्रमुख और ड्रीम इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभरकर सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश में आएं और अपनी औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार निवेशकों को हर स्तर पर पूरा सहयोग उपलब्ध कराएगी और किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
निवेशकों के सुझावों पर गंभीरता से होगा विचार
सीएम योगी ने कहा कि इन्वेस्टमेंट मीट को लेकर प्रमुख उद्योगपतियों और सीईओ ने जिस तरह की उत्सुकता दिखाई है, उसके लिए वह सभी का हृदय से धन्यवाद करते हैं। निवेशकों की ओर से दिए गए सुझावों को प्रदेश सरकार की टीम ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि निवेशकों की अपेक्षाओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। व्यावहारिक समस्याएं सामने आने पर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और उसकी पूरी टीम निवेश अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवा मैनपावर और स्किलिंग बनेगी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ी संख्या में युवा मैनपावर है। सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप स्किलिंग और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को मिलेगा।
निवेशकों को हर स्तर पर सपोर्ट
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाला निवेश निवेशकों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा। प्रदेश सरकार अपनी नीतियों के दायरे में निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। सरकार का प्रयास है कि निवेश की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो तथा उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार पर ध्यान देने के लिए बेहतर वातावरण मिले।
उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी टीम निवेशकों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसके समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
‘जो कहते हैं, उसे जमीन पर उतारते हैं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि जो कहती है, उसे धरातल पर उतारती है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में आए बदलाव को निवेशक स्वयं देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक वातावरण और निवेश के लिए तैयार नीतियों में हुए बदलाव ने उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर पेश की है। सरकार की कार्यप्रणाली में आया यह परिवर्तन निवेशकों को भी दिखाई देगा।
औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर
मुख्यमंत्री ने यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद के माध्यम से सरकार को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है, वहीं निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है।
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि प्रमुख उद्योग समूहों की उत्तर प्रदेश में बढ़ती रुचि से प्रदेश में नए निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
#UPJapanInvestmentMeet2026 #YogiAdityanath #UPInvestment #UttarPradesh #JapanInvestment #InvestmentDestination #EaseOfDoingBusiness #SkillDevelopment #Infrastructure #Employment #IndustrialDevelopment #BusinessLeaders #Investment #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.