भारत की आर्थिक विकास यात्रा के चार स्तंभों से यूपी में निवेश की अपार संभावनाएं : अश्विनी वैष्णव
Four pillars of India's economic development journey offer immense investment potential in UP: Ashwini Vaishnav
IPN Live
Lucknow, 20 Aug, 2026 01:48 AMकेंद्रीय मंत्री ने जापान-उत्तर प्रदेश साझेदारी को बताया विश्वास और विकास का नया अध्याय
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईपीएन)। जापान और उत्तर प्रदेश के बीच निवेश एवं औद्योगिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत की आर्थिक विकास यात्रा और भविष्य की निवेश संभावनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के संबंध लंबे समय से विश्वास पर आधारित रहे हैं और उत्तर प्रदेश तथा जापान के बीच बढ़ती साझेदारी इस विश्वास को विकास के नए अध्याय में बदल रही है।
केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जापान और उत्तर प्रदेश के बीच इस महत्वपूर्ण पहल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि जापानी उद्योग जगत के लिए उत्तर प्रदेश में तेजी से नए अवसर खुल रहे हैं।
चार स्तंभों पर आधारित भारत की आर्थिक विकास यात्रा
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की मौजूदा आर्थिक वृद्धि को चार प्रमुख स्तंभों के आधार पर समझा जा सकता है। इनमें सोशल, डिजिटल और फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश, समावेशी विकास, मैन्युफैक्चरिंग एवं इनोवेशन तथा कानूनों और नियमों का सरलीकरण प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि भारत पिछले कुछ वर्षों से लगभग 6 से 8 प्रतिशत की सतत आर्थिक वृद्धि के दौर में है। इसके साथ महंगाई को नियंत्रण में रखने और देश की वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाए रखने पर भी लगातार ध्यान दिया गया है। इससे भारत को आने वाले वर्षों में लंबे समय तक टिकाऊ विकास की मजबूत क्षमता मिली है।
रेलवे से सेमीकंडक्टर तक निवेश के अवसर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में आने वाले वर्षों में 6 से 8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि का लंबा दौर देखने को मिल सकता है। इस विकास यात्रा में रेलवे, डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, कृषि सहित लगभग हर क्षेत्र में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने जापान के उद्योग जगत से भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से बदल रहा है और राज्य में निवेशकों के लिए मजबूत आधार तैयार हो चुका है।
‘भारत में निवेश करें, उत्तर प्रदेश में निवेश करें’
अश्विनी वैष्णव ने जापानी निवेशकों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भारत में निवेश करें और उत्तर प्रदेश में निवेश करें। सरकार निवेशकों की सहायता और सुविधा के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि निवेशकों की सफलता ही भारत और उत्तर प्रदेश की सफलता है। केंद्र और राज्य सरकारें निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि भारत-जापान की मजबूत साझेदारी आने वाले वर्षों में दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ता सहयोग निवेश, औद्योगिक विकास, रोजगार और तकनीकी साझेदारी के नए अवसर पैदा करेगा।
#UPJapanInvestmentMeet2026 #AshwiniVaishnaw #Japan #UttarPradesh #IndiaJapan #Investment #EconomicGrowth #Manufacturing #Innovation #Semiconductor #Railways #Electronics #Defence #Agriculture #YogiAdityanath #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.