BHARAT JODO YATRA :: भारत जोड़ो यात्रा आज यूपी में करेगी प्रवेश, टिकैत भी होंगे साथ
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को दिल्ली के रास्ते गाजियाबाद के लोनी बार्डर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी. राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी पदयात्रा करती हुई नजर आएंगे तो किसान राकेश टिकैत भी शिरकत करेंगे. राहुल गांधी तीन दिनों में यूपी के जाटलैंड में कांग्रेस के समीकरण साधते हुए नजर आयेंगे.
IPN Live
Lucknow, 3 Jan, 2023 10:38 AMNEW DELHI, (IPN). कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए निकली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी. राहुल गांधी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से पदयात्रा कर दोपहर में गाजियाबाद के लोनी बार्डर से यूपी में दाखिल होंगे. इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी उनके साथ तीन दिनों तक यात्रा में शामिल रहेंगी. राहुल को यूपी में किसान नेता राकेश टिकैत का साथ तो मिला, लेकिन विपक्षी दल के नेताओं का सिर्फ आशिर्वाद ही मिल सका है.
उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा 130 किमी का सफर तय करेगी और पश्चिमी यूपी के 3 जिलों से गुजरेगी. जाटलैंड में सालों से सुस्त पड़ी कांग्रेस में राहुल गांधी जान फूंकते नजर आएंगे. अपने तीन दिनों यात्रा में यूपी के तीन लोकसभा सीटें और 11 विधानसभा क्षेत्रों की साधने की कवायद करेंगे. पदयात्रा गाजियाबाद, बागपत और शामली जिले की 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी.
उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा एंट्री करेगी. इसके बाद चार जनवरी को बागपत, पांच जनवरी को शामली और छह जनवरी को कैराना से होकर हरियाणा के सोनीपत जिले में प्रवेश में कर जाएगी. छह जनवरी से 10 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में रहेगी. इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी. भारत जोड़ो यात्रा 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और फिर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराकर समापन करेंगे.

No Previous Comments found.