न्यूयॉर्क से दुबई तक आजादी का जश्न, तिरंगे की रोशनी से जगमगा उठी दुनिया
From New York to Dubai, the world was illuminated with the light of the tricolor as Independence Day was celebrated.
IPN Live
Lucknow, 17 Aug, 2026 12:42 AMनई दिल्ली, 16 अगस्त (आईपीएन)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न देश की सीमाओं से निकलकर दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भी दिखाई दिया। अमेरिका से लेकर खाड़ी देशों, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका तक भारतीय दूतावासों, उच्चायोगों और महावाणिज्य दूतावासों में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, गौरव और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।
विदेशों में आयोजित समारोहों में भारतीय प्रवासियों के साथ स्थानीय नागरिकों, राजनेताओं और गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया। समारोहों की शुरुआत तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मिशनों के प्रमुखों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन को पढ़कर सुनाया।
न्यूयॉर्क से जिनेवा तक गूंजा भारत का गौरव
न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति के राष्ट्र के नाम संबोधन को पढ़कर सुनाया। समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर 500 से अधिक भारतीय प्रवासी मौजूद रहे। मिशन ने इसे भारत की यात्रा, एकता और अटूट जज्बे का प्रेरणादायक उत्सव बताया।
बुर्ज खलीफा से एम्पायर स्टेट बिल्डिंग तक तिरंगे की रोशनी
भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुनिया की कई प्रतिष्ठित इमारतें तिरंगे के रंगों से रोशन हुईं। अमेरिका की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग, ग्रैंड सेंट्रल टर्मिनल, नियाग्रा फॉल्स और ब्लूमबर्ग के न्यूयॉर्क मुख्यालय से लेकर दुबई की बुर्ज खलीफा और यरूशलेम के कॉर्ड्स ब्रिज तक भारतीय तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंगों की रोशनी दिखाई दी।
दुनिया के कई अन्य शहरों में भी ऐतिहासिक इमारतों और गगनचुंबी भवनों को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया। रूस के मॉस्को में भारतीय प्रवासियों ने भव्य बाइक रैली निकालकर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई समारोह की रौनक
विदेशों में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय संस्कृति की विविधता भी देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों और भारतीय समुदाय के बच्चों ने भरतनाट्यम, भांगड़ा और कथक सहित विभिन्न पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं।
इन समारोहों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक स्तर पर उसकी ‘सॉफ्ट पावर’ की झलक पेश की। प्रवासी भारतीयों ने देश के विकास, आत्मनिर्भरता और ‘विकसित भारत’ के संकल्प में अपना योगदान जारी रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
(रिपोर्ट : शाश्वत तिवारी)
#ipnlive #ipnnews #ipn #IndependenceDay #80thIndependenceDay #Tiranga #IndiaAbroad #IndianDiaspora #ViksitBharat #NewYork #Dubai #Bharat #IndianCulture

No Previous Comments found.