यूपी में वोटर बनने का मौका! 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेगा विशेष कैंप, BLO करेंगे मदद
Your chance to become a voter in UP! Special camps will be set up at every polling station on October 17th and 24th, with BLOs on hand.
IPN Live
Lucknow, 14 Oct, 2026 01:20 AMमतदाता सूची में नाम नहीं है तो भरें फार्म-6; सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेगी सुविधा, पहली बार वोट डालने वाले युवाओं पर विशेष जोर
लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र होने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत प्रदेश के सभी जनपदों में 17 और 24 अक्टूबर को प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और शत-प्रतिशत बूथों पर कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेंगे बीएलओ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, विशेष कैंप के दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे। यहां मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया समझने में मदद मिलेगी।
पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के लिए अहम मौका
निर्वाचन विभाग का यह अभियान उन पात्र नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। पहली बार मतदाता बनने वाले युवा भी निर्धारित पात्रता पूरी करने पर इन कैंपों में पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विभाग ने प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध कराया जा सके।
राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी दी जाएगी सूचना
विशेष कैंपों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी कैंप की तिथियों की जानकारी दी जाएगी।
कैंपों के चयनित फोटो और वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए जाएंगे, जिससे अभियान की गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंच सके।
अधिकारी करेंगे बूथों का निरीक्षण
अभियान की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं बूथों का पर्यवेक्षण करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी कैंप के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को नियमित समीक्षा, सतत निगरानी और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक बूथ पर कैंप आयोजित कराया जाए और प्राप्त फार्मों का उचित रखरखाव किया जाए।
मतदाता सूची में नाम जरूर जांचें
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें।
निर्वाचन विभाग के इस अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया आसान बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
याद रखें: 17 और 24 अक्टूबर 2026 | समय: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक | जरूरी फार्म: फार्म-6
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #UttarPradesh #UPNews #VoterRegistration #मतदाता_पंजीकरण #Form6 #ElectionCommission #ChiefElectoralOfficer #मतदाता_सूची #BLO #Democracy #मतदाता_जागरूकता

No Previous Comments found.