WATCH : नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लखनऊ शहर का किया औचक निरीक्षण, दिए निर्देश
WATCH: Municipal Commissioner Gaurav Kumar did a surprise inspection of Lucknow city, gave instructions
IPN Live
Lucknow, 29 Apr, 2025 03:24 PMलखनऊ, (आईपीएन)। मंगलवार सुबह नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर नगर निगम की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी मानसून सत्र और उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत स्वच्छता एवं विकास कार्यों की समीक्षा करना रहा।
हैदर कैनाल नाले का निरीक्षण, सफाई कार्यों की समीक्षा
सुबह 6:20 बजे नगर आयुक्त ने हैदर कैनाल नाले का निरीक्षण किया। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा नाले की सफाई कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान श्री कुमार ने सफाई कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि बारिश के समय जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत मिल सके।
उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम हेतु AKTU परिसर के आसपास सफाई का निर्देश
इसके बाद, सुबह 6:49 बजे नगर आयुक्त महोदय ने जोन-3 स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (AKTU) कैंपस और उसके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। चूंकि निकट भविष्य में उपराष्ट्रपति महोदय का कार्यक्रम प्रस्तावित है, अतः श्री कुमार ने क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश जोनल स्वच्छता अधिकारी (ZSO) को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों की सफाई में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। अगर आगे कोई गंदगी पाई जाएगी तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनगणना कार्यालय के पास सीएम ग्रिड कार्यों की प्रगति का निरीक्षण
सुबह 7:19 बजे नगर आयुक्त ने जोन-3, अलीगंज स्थित जनगणना कार्यालय के पास चल रहे सीएम ग्रिड कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य प्रगति का जायजा लेते हुए परियोजना की गति में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
महानगर क्षेत्र में सीएम ग्रिड परियोजनाओं की समग्र समीक्षा
इसके अतिरिक्त, सुबह 7:45 बजे गौरव कुमार ने महानगर क्षेत्र में चल रहे सीएम ग्रिड परियोजनाओं की समग्र समीक्षा भी की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और शहरवासियों को शीघ्र बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं।
निरीक्षण में अधिकारी और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज कुमार, मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा, मुख्य अभियंता (RR) मनोज कुमार प्रभात, जोन-3 के जोनल अधिकारी सहित नगर निगम के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण में मिली कमियों को शीघ्र दूर किया जाए और नियमित समीक्षा कर कार्यों की गति को बनाए रखा जाए।

No Previous Comments found.