UP में कल सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, छूटे हुए नाम जुड़वाने का मौका
Special voter registration camps will be held at all polling stations in UP tomorrow, providing an opportunity to add missing names.
IPN Live
Lucknow, 24 Oct, 2026 03:34 AMसुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, फॉर्म-6 और हेल्प डेस्क की व्यवस्था के निर्देश
लखनऊ, 23 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के लिए शनिवार को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कैंप व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे बीएलओ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया है कि 24 अक्टूबर को सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। प्रत्येक बूथ पर मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराने और हेल्प डेस्क सक्रिय रखने को भी कहा गया है, ताकि पात्र नागरिकों को आवेदन करने में परेशानी न हो।
फॉर्म-6 के लिए ये दस्तावेज साथ लाएं
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को ऑफलाइन फॉर्म-6 भरने के लिए नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, जन्म और निवास संबंधी आवश्यक अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाने की सलाह दी गई है।
फॉर्म-6 भरने की ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों तक पहुंचेगी जानकारी
नवदीप रिणवा ने विशेष कैंप की जानकारी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित करने को कहा है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी अभियान की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने देना है। इसके लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान की सघन निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
#UPNews #VoterRegistration #Form6 #मतदाता_पंजीकरण #मतदाता_सूची #बीएलओ #उत्तरप्रदेश #लोकतंत्र #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.