आलमनगर में 5.42 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, कार वॉशिंग सेंटर ध्वस्त
Encroachment removed from government land worth Rs 5.42 crore in Alamnagar, car washing centre demolished
IPN Live
Lucknow, 14 Oct, 2026 08:33 PMकब्रिस्तान के रूप में दर्ज 1,260 वर्ग मीटर भूमि कराई गई कब्जामुक्त, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
लखनऊ, 14 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। लखनऊ नगर निगम ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बुधवार को ग्राम आलमनगर में बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश और अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में नगर निगम की टीम ने कब्रिस्तान के रूप में दर्ज सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 5 करोड़ 42 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है।
कब्रिस्तान की जमीन पर चल रहा था कार वॉशिंग सेंटर
नगर निगम के अनुसार, ग्राम आलमनगर की गाटा संख्या 36/1 और 36/3 की भूमि नगर निगम में निहित है। राजस्व अभिलेखों में इस जमीन को कब्रिस्तान के रूप में दर्ज किया गया है। भूमि पर अस्थायी रूप से कार वॉशिंग सेंटर बनाया गया था। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया और जमीन को कब्जे से मुक्त कराया।
1,260 वर्ग मीटर सरकारी भूमि कराई गई कब्जामुक्त
कार्रवाई के दौरान कुल 0.126 हेक्टेयर यानी लगभग 1,260 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर निगम के मुताबिक, इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 5 करोड़ 42 लाख 48 हजार रुपये है।
नगर निगम, पुलिस और अभियंत्रण विभाग की टीम रही मौजूद
अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी संपत्ति रिपुदमन सिंह तथा तहसीलदार नगर निगम अरविन्द पाण्डेय की ओर से उपलब्ध कराई गई टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया। अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम रत्नेश कुमार और राजेन्द्र कुमार ने किया।
मौके पर नगर निगम के राजस्व निरीक्षक प्रदीप गिरी, लेखपाल अंकिता गुप्ता, पंकज कुमार, रमेश राम, विनय पाल और अरविन्द कुमार गौतम सहित नगर निगम की प्रवर्तन टीम (ईटीएफ), जोन-2 की अभियंत्रण टीम तथा तालकटोरा थाने की पुलिस मौजूद रही। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के सहायक अभियंता आशीष जैन भी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
#Lucknow #LucknowNagarNigam # encroachment #अतिक्रमणमुक्त #सरकारीभूमि #Alamnagar #LucknowNews #UPNews #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.