UPCM YOGI ने कहा : विगत 06 वर्षों में UP ने बदला अपना परसेप्शन
UPCM YOGI said: UP has changed its perception in the last 06 years
IPN Live
Lucknow, 26 Mar, 2023 01:31 AMलखनऊ, 25 मार्च, 2023 (आईपीएन)।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत 06 वर्षां में राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन व प्रेरणा से उत्तर प्रदेश के समग्र विकास की कार्ययोजना बनाते हुए उसे पूरी ईमानदारी के साथ लागू करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया गया, जिसके परिणाम हम सभी के सामने है। विगत 06 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपना परसेप्शन बदला है। यह बदलाव डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियां में से एक है। आज उत्तर प्रदेश के नाम पर लोगों के चेहरे पर एक चमक आ जाती है। विगत 06 वर्षां में उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, उसने एक नए प्रदेश की गाथा को सबके सामने रखा है। यह 06 वर्ष उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। सरकार ने अपना दूसरा कार्यकाल डबल व ट्रिपल स्पीड के साथ प्रारम्भ किया।
मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में प्रदेश सरकार के 06 वर्ष तथा दूसरे कार्यकाल का 01 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की 06 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की पुस्तिका ‘06 साल यू0पी0 खुशहाल’ तथा प्रदेश के विकास को दर्शाते हुए पोस्टर का विमोचन भी किया। प्रेसवार्ता के अवसर पर प्रदेश की 06 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में बढ़ता हुआ दिखायी दे रहा है। प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को पर्यटन, विरासत तथा अवसंरचना आदि सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। प्रदेश के अन्दर जीरो टॉलरेन्स की नीति से कुछ चीजें तय हुई है। अब उत्तर प्रदेश उपद्रवियों का नहीं, उत्सवों के प्रदेश के रूप में जाना जाएगा। प्रदेश माफियाओं के लिए नहीं बल्कि महोत्सव के लिए जाना जाएगा। प्रदेश में गुण्डाराज तथा माफियाराज जैसे शब्द अतीत हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति, मत, मजहब, भ्रष्टाचार तथा परिवारवाद के नाम पर होने वाली राजनीति से अलग हटकर असीम सम्भावनाओं वाले प्रदेश के रूप में उत्तर प्रदेश की पहचान बनाने के लिए 10 सेक्टर्स चिन्हित किये गये तथा उन पर टीम के माध्यम से कार्य किया गया। विगत 06 वर्षों में 03 वर्ष वैश्विक महामारी कोरोना से लड़ते हुए व्यतीत हुए। इसी में राह निकालते हुए उत्तर प्रदेश ने इस दौरान अनेक उपलब्धियां हासिल की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा व मार्गदर्शन हम सभी का सम्बल है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने देश व दुनिया में अपनी अलग और नई पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री सहित सभी केन्द्रीय मंत्रियों एवं प्रदेश मंत्रिमण्डल के सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में हुए विकास कार्यों को देश व दुनिया के सामने सकारात्मक भाव से पहुंचाने के लिए मीडिया को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के बारे में कहा जाता था कि प्रदेश में विकास की कोई सोच नहीं है। आज यह प्रदेश प्रधानमंत्री की सभी फ्लैगशिप योजनाओं में देश में नम्बर एक की यात्रा को आगे बढ़ा रहा है। विगत 06 वर्षों में प्रदेश दंगामुक्त हुआ है। इसने अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर किया है। आज देश में सबसे अच्छे इन्फ्रास्ट्रक्चर वाले राज्य तथा अपने युवाओं के विषय में बेहतर सोच को आगे बढ़ाने वाले राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश की गिनती हो रही है। यहां सरकारी नौकरियों में पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता है। साथ ही, निजी क्षेत्र में भी नौकरी व रोजगार की अनेक सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए डबल इंजन की सरकार ने अनेक प्रयास किये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नौकरी, स्वरोजगार तथा आर्थिक स्वावलम्बन की ओर अग्रसर करने के लिए राज्य सरकार ने एम0एस0एम0ई0 को ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ के रूप में प्रोत्साहित किया है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना प्रदेश के हस्तशिल्पियों तथा कारिगरों को नई पहचान दे रही है। कोविड कालखण्ड में ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना ने प्रदेश में आने वाले कामगारों व श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराया। उत्तर प्रदेश ने विपत्ति तथा चुनौती के समय कार्य करने का एक रोल मॉडल प्रस्तुत किया। प्रदेश के 02 करोड़ युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए उन्हें टैबलेट/स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने वाला प्रदेश देश का पहला राज्य है। अब तक 20 लाख से अधिक युवाओं को यह सुविधा उपलब्ध करायी जा चुकी है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से प्रदेश के सभी जनपदों के युवाओं को बिना किसी भेदभाव के सरकारी नौकरी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की मजबूत स्थिति बनी है। इसके लिए राज्य में पुलिस रिफॉर्म किए गए। राज्य में 01 लाख 64 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती को परिवारवाद तथा जातिवाद के बिना पारदर्शी तरीके से सम्पन्न किया गया है। पुलिस की ट्रेनिंग क्षमता में तीन गुना वृद्धि की गई है। प्रदेश का हर नौजवान हमारे परिवार का हिस्सा है। राज्य में 07 पुलिस कमिश्नरेट बने हैं। यह प्रदेश में पहली बार हुआ है। तहसील स्तर पर फायर टेण्डर की स्थापना के कार्य हुए है। पुलिस की अवस्थापना सुविधाओं के कार्य को आगे बढ़ाया गया है। आज सभी पुलिस लाइन तथा थानों में पुलिस कार्मिकों के लिए अच्छे बैरक बन रहे हैं अथवा बन चुके हैं। हर रेंज स्तर तथा हर जिले में साइबर थाने की स्थापना के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश स्टेट इन्स्टीट्यूट ऑफ फॉरेन्सिक साइंसेज की स्थापना की जा रही है। इसी सत्र में इसमें पाठ्यक्रम भी प्रारम्भ करने जा रहे हैं। किसी भी आपदा के दौरान प्रदेशवासियों की सहायता करने तथा पड़ोसी राज्यां को भी सहयोग करने के लिए प्रदेश में एस0डी0आर0एफ0 की तीन बटालियन का गठन किया गया है। प्रदेश में मृतप्राय हो चुकी पी0ए0सी0 की 54 बटालियनों का पुनर्गठन किया गया है। पुलिस बल में महिला कार्मिकों की संख्या बढ़ी है। वर्ष 1947 से वर्ष 2017 के बीच में महिला पुलिस कार्मिकां की संख्या 10 हजार से चार गुना वृद्धि के साथ आज लगभग 40 हजार हुई है। इसने महिला सशक्तिकरण का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।
सरकार में स्थिरता तथा स्थायित्व का लाभ प्रशासन को भी मिला है। अन्ततः इसका लाभ प्रदेश की 25 करोड़ जनता को मिल रहा है। अब जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक जनपदों में अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश निवेश के बेहतरीन गंतव्य के रूप में आगे बढ़ा है। इससे करोड़ों युवाओं के लिए नौकरी व रोजगार की सम्भावनाएं बनी हैं।
प्रदेश में 01 करोड़ से अधिक निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों तथा दिव्यांगजनों को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। 14 लाख से अधिक बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से आच्छादित किया गया है। बेटियों की पढ़ाई पूरी होने पर उसके विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से शासन सहयोग कर रहा है। अब तक सवा दो लाख से अधिक बेटियों का विवाह इसके अन्तर्गत सम्पन्न हो चुका है। उत्तर प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूह नए मॉडल के रूप में कार्य कर रहे हैं। महिला व बाल विकास विभाग की पोषाहार योजना को हर कुपोषित परिवार तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है तथा ब्लॉक स्तर पर उनके स्वयं के प्लाण्ट लगाए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण, स्वालम्बन तथा सम्मान के आदर्श के रूप में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ा है।
अन्नदाता किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि डी0बी0टी0 के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई है। कर्जमाफी की राशि को भी इसमें जोड़ दे, तो यह 04 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाती है। यह दिखाता है कि सरकार की प्राथमिकता जाति, मत, मजहब, क्षेत्र अथवा भाषा नहीं है, बल्कि गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाएं तथा समाज का प्रत्येक तबका है। सरकार ने अपने कार्यक्रमों के माध्यम से केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं को पूरी ईमानदारी से उन तक पहुंचाया है।
आज प्रदेश में बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर है। रोड कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ गया था। आज वह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के साथ जुड़ चुका है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र आर्थिक रूप से विपन्न माना जाता था। आज वह बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से जुड़ चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मध्य तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसका 12 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2025 में प्रयागराज महाकुम्भ के आयोजन से पहले गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा हो जाए, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रयागराज कुम्भ में इसके माध्यम से आने का अवसर मिल सके। इन्टरस्टेट कनेक्टिविटी को फोरलेन से जोड़ा गया है। हर जिला मुख्यालय को चार लेने से जोड़ने के कार्य या तो पूरे हो चुके हैं या तो युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। प्रदेश के सभी जनपदों में शहर के अन्दर टै्रफिक का दबाव दूर करने के लिए रिंग रोड के कार्य आगे बढ़ रहे हैं। सभी गांवों की सड़कों को बेहतर किया गया है।

No Previous Comments found.