तीन दिन विशेष अनुष्ठान करेंगे योगी, दशहरे पर निकालेंगे विजयादशमी शोभायात्रा

Yogi will perform special rituals for three days and will take out Vijayadashami procession on Dussehra.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 17 Oct, 2026 02:40 AM
तीन दिन विशेष अनुष्ठान करेंगे योगी, दशहरे पर निकालेंगे विजयादशमी शोभायात्रा

महानिशा पूजा और हवन के बाद महानवमी पर कन्या पूजन, दशहरे पर प्रभु श्रीराम का करेंगे राजतिलक

गोरखपुर, 17 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ रविवार से मंगलवार तक गोरखनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान, पूजन और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों में शामिल होंगे। रविवार, 18 अक्टूबर को अष्टमी पर महानिशा पूजा और हवन कर लोक मंगल की प्रार्थना करेंगे। सोमवार, 19 अक्टूबर को महानवमी पर नौ कन्याओं और बटुकों का पूजन करेंगे, जबकि मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी शोभायात्रा की अगुवाई कर मानसरोवर मंदिर में पूजा-अर्चना और रामलीला मैदान में प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में कलश स्थापना के साथ अनुष्ठान शुरू हुए थे। अष्टमी से विजयादशमी तक योगी आदित्यनाथ स्वयं प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। महानवमी पर पूर्वाह्न 11 बजे कन्या पूजन होगा। इस दौरान वह नौ कन्याओं के पांव पखारकर तिलक करेंगे, उन्हें भोजन कराएंगे और दक्षिणा व उपहार देकर आशीर्वाद लेंगे। परंपरा के अनुसार बटुक पूजन भी किया जाएगा।

सामाजिक समरसता का प्रतीक है विजयादशमी शोभायात्रा

मंगलवार शाम गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली विजयादशमी शोभायात्रा गोरखपुर की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है। तुरही, नगाड़े और बैंड-बाजे के बीच शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री देवाधिदेव महादेव की पूजा करेंगे। इसके बाद मानसरोवर रामलीला मैदान में प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान जी का पूजन कर आरती उतारेंगे तथा प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

इस शोभायात्रा में विभिन्न समुदायों की भागीदारी और स्वागत की परंपरा भी रही है। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के पूर्व चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के अनुसार, उनका परिवार तीन पीढ़ियों से शोभायात्रा का स्वागत करता आ रहा है।

विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक तिलकोत्सव होगा, जिसमें योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। मंदिर में पारंपरिक भोज का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे।

#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #YogiAdityanath #Gorakhpur #Navratri #Mahanavami #Vijayadashami #GorakhnathTemple

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.