काशी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ का जलवा, गंगा तटों पर उमड़ा महाकुंभ जैसा जनसैलाब
‘Wings over Ganga’ in full swing in Kashi, a massive Kumbh-like crowd gathered on the banks of the Ganga.
IPN Live
Lucknow, 26 Oct, 2026 04:15 AMलाखों लोगों ने देखा भारतीय वायुसेना का शौर्य, घाटों से मकानों की छतों तक दिखी दर्शकों की भीड़
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। काशी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अंतिम दिन गंगा के दोनों तटों पर उमड़ा जनसैलाब महाकुंभ की याद दिला गया। नमो घाट से लेकर आसपास के घाटों, सड़कों और मकानों की छतों तक दर्शकों की कतारें नजर आईं। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना, तेज रफ्तार और रोमांचक करतबों को देखने के लिए लाखों लोग घंटों डटे रहे। हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा पूरे काशी में दिखाई दिया।
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय एयर शो के अंतिम दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में वायुसेना के विमानों ने गंगा के ऊपर आसमान में अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन किया।
गंगा के दोनों तटों पर उमड़ा जनसैलाब
नमो घाट के साथ आसपास के घाटों और सड़कों पर सुबह से ही दर्शकों की भीड़ जुटने लगी। आसपास के मकानों की छतें भी दर्शकों से भर गईं। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों में एयर शो को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनते ही लोगों की निगाहें आसमान पर टिक जातीं। विमानों के हैरतअंगेज करतबों पर दर्शकों ने उत्साह के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
गंगा के दोनों किनारों पर दूर-दूर तक तिरंगा थामे लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप दे दिया। घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच वायुसेना के प्रदर्शन ने रोमांच और देशभक्ति का अनूठा माहौल बनाया।
तेज धूप भी नहीं तोड़ सकी लोगों का उत्साह
तेज धूप और गर्मी के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। कोई गमछे से सिर ढककर तो कोई टोपी और छाते के सहारे घंटों एयर शो देखने के लिए डटा रहा। लोगों का इंतजार भारतीय वायुसेना के विमानों की उड़ान और उनके रोमांचक करतबों को करीब से देखने का था। नमो घाट के अलावा आसपास के घाटों और घरों की छतों से भी लोगों ने इस भव्य प्रदर्शन का आनंद लिया।
सुरक्षा और जनसुविधाओं के व्यापक इंतजाम
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। ट्रैफिक डायवर्जन, चिकित्सा सेवाओं, ग्रीन कॉरिडोर, पेयजल, मोबाइल शौचालय और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया था। प्रत्येक जोन के लिए प्रवेश मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए थे।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए क्षेत्र को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित किया गया था। इसके साथ ही निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी थाने भी स्थापित किए गए थे।
अलग-अलग ट्रैफिक प्लान से संभाला यातायात
एयर शो के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम रखने के लिए आंतरिक और बाहरी यातायात के अलग-अलग प्लान तैयार किए गए थे। इसके तहत डायवर्जन, बैरियर और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि दर्शकों की आवाजाही के साथ शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
महाकुंभ जैसे जनसमूह के बीच आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो ने काशी में भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और पराक्रम की भव्य झलक पेश की। आयोजन के अंतिम दिन उमड़ी भीड़ ने इसे यादगार बना दिया।
#WingsOverGanga #IndianAirForce #काशी #वाराणसी #भारतीयवायुसेना #एयरशो #योगीआदित्यनाथ #नरेंद्रमोदी #देशभक्ति #उत्तरप्रदेश #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.