साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी : सतीश महाना
Vigilance is necessary to prevent cyber crime: Satish Mahana
IPN Live
Lucknow, 19 Aug, 2026 06:54 PMलखनऊ, 19 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति, संस्था और जनप्रतिनिधि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विधायकों को स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने क्षेत्र की जनता को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
राजधानी के एक होटल में विधायकों के लिए “साइबर सुरक्षा : ए डिजिटल सिक्योरिटी ब्रीफिंग फॉर लेजिस्लेटर्स” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साइबर अपराध के बढ़ते खतरों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
देश के जाने-माने साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे ने विधायकों को फिशिंग, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, पासवर्ड चोरी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और डिजिटल पहचान के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचने, मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करने तथा मोबाइल और कंप्यूटर को नियमित रूप से अपडेट रखने की सलाह दी।
जनता तक पहुंचाएं सदन के कार्य
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उनके कार्यकाल के पहले वर्ष में ही अलग-अलग क्षेत्रों के विधायकों को बुलाकर उनसे संवाद किया गया। उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा में अनेक जनहित के मुद्दे उठाए गए हैं और अब नए चुनाव की अधिसूचना के लिए लगभग चार महीने का समय शेष है।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता है कि सदन में उठाए गए मुद्दों और किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए। जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की जनता के साथ संवाद बनाए रखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक भी करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश विधानसभा बनी मॉडल विधानसभा : रजनी तिवारी
राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विधानसभा में अनेक परिवर्तन हुए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इन परिवर्तनों से बहुत कुछ नया सीखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा आज देश में एक मॉडल विधानसभा बन चुकी है। विधायकों के लिए साइबर सुरक्षा पर आयोजित यह कार्यक्रम भी एक महत्वपूर्ण नवाचार है।
साइबर सुरक्षा पर हुआ सवाल-जवाब
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ राज्यमंत्री मयंकेश्वर सिंह, रजनी तिवारी और राकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में विधायक उपस्थित रहे। विशंभर सिंह यादव, अनिल सिंह, शशांक त्रिवेदी और संदीप पटेल समेत अन्य विधायकों ने भी सहभागिता की।
इस दौरान साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे से विधायकों का सवाल-जवाब भी हुआ। साइबर ठगी के नए तरीकों, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
#CyberSecurity #CyberCrime #SatishMahhana #UPAssembly #UttarPradesh #CyberAwareness #DigitalSecurity #CyberSafety #MLAs #Lucknow #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.