एआई और क्वांटम तकनीक के साइबर खतरों से निपटने को यूपी तैयार करेगा अभेद्य साइबर सुरक्षा कवच

Uttar Pradesh to prepare impenetrable cyber security shield to deal with cyber threats of AI and quantum technology

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 22 Nov, 2026 04:55 AM
एआई और क्वांटम तकनीक के साइबर खतरों से निपटने को यूपी तैयार करेगा अभेद्य साइबर सुरक्षा कवच

25 नवंबर को लखनऊ में जुटेंगे शासन, पुलिस, तकनीक और उद्योग जगत के विशेषज्ञ, बनेगा साइबर सुरक्षा का मास्टर प्लान

सीएम योगी के विजन के अनुरूप डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी डेटा और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों की सुरक्षा पर होगा मंथन

लखनऊ, 21 नवंबर 2026 (आईपीएन)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम टेक्नोलॉजी और तेजी से बदलते डिजिटल दौर में साइबर हमलों के बढ़ते खतरों से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश अपनी साइबर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी डेटा और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों की सुरक्षा के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। इसमें साइबर हमलों की रोकथाम, उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले जोखिमों की पहचान, संस्थागत क्षमता निर्माण और विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

इस दिशा में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की ओर से 25 नवंबर को लखनऊ में विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और वैश्विक तकनीकी कंपनी सिस्को की संयुक्त भागीदारी रहेगी। कार्यशाला में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के दिग्गज और शिक्षाविद डिजिटल उत्तर प्रदेश को सुरक्षित बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।

एआई और क्वांटम युग की चुनौतियों पर विशेष फोकस

गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रस्तावित कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत, सक्रिय और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना है। इसमें सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। साथ ही एआई आधारित साइबर हमलों, डेटा चोरी, डिजिटल प्लेटफॉर्म की कमजोरियों और क्वांटम तकनीक से भविष्य में पैदा होने वाले सुरक्षा जोखिमों पर चर्चा होगी।

पांच प्रमुख उद्देश्यों पर बनेगी रणनीति

यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी के अनुसार, कार्यशाला में पांच प्रमुख उद्देश्यों को केंद्र में रखकर रणनीतिक चर्चा की जाएगी।

पहला, एआई, क्वांटम और अन्य उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले साइबर खतरों के प्रति शासन-प्रशासन में जागरूकता और रणनीतिक समझ विकसित करना।

दूसरा, सरकारी विभागों, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों की मौजूदा साइबर सुरक्षा तैयारियों का आकलन करना।

तीसरा, साइबर गवर्नेंस, साइबर घटनाओं के प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत बनाना।

चौथा, एआई आधारित खतरों और क्वांटम युग की चुनौतियों के अनुरूप भविष्य की सुरक्षा प्रणालियों और तकनीकी समाधानों पर विचार करना।

पांचवां, सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाकर साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करना।

नागरिकों के डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा पर जोर

कार्यशाला में सरकारी सेवाओं के संचालन में एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर भी चर्चा होगी। डिजिटल सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के साथ नागरिकों के डेटा की गोपनीयता, सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। साइबर घटनाओं की समयबद्ध पहचान, त्वरित प्रतिक्रिया और नुकसान को न्यूनतम करने के लिए संस्थागत तंत्र विकसित करने के उपाय भी तलाशे जाएंगे।

सरकार, उद्योग और एमएसएमई के बीच साझेदारी पर चर्चा

कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण 'इनेबलिंग डिजिटल ग्रोथ: गवर्नमेंट, इंडस्ट्री एंड एमएसएमईज' विषय पर आयोजित फायरसाइड चैट होगी। इसमें सरकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने, उद्योग जगत की भागीदारी बढ़ाने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) में तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने और सुरक्षित सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार पर चर्चा होगी। इसके जरिए डिजिटल विकास में सरकार, निजी क्षेत्र और एमएसएमई के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे।

समन्वित साइबर सुरक्षा तंत्र विकसित करना लक्ष्य : डॉ. गोस्वामी

यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से शासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के अनुभवों के आदान-प्रदान से प्रदेश के लिए सक्रिय और समन्वित साइबर सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने के महत्वपूर्ण सुझाव मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस के विस्तार के साथ नागरिकों का सरकारी डिजिटल सेवाओं पर विश्वास बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। डेटा संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल सेवाओं और तकनीकी क्षमता निर्माण के जरिए उत्तर प्रदेश को एआई और क्वांटम तकनीक के दौर की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

#UttarPradesh #CyberSecurity #AISecurity #QuantumTechnology #DigitalIndia #DataProtection #CyberCrime #YogiAdityanath #UPNews #UPGovernment #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.