पवन ऊर्जा खरीद में UP बना देश का अग्रणी राज्य, मिला 'विंड प्रोक्योरमेंट चैंपियन' सम्मान

Uttar Pradesh became the leading state in the country in the procurement of wind energy, received the 'Wind Procurement Champion' award.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 15 Jun, 2026 06:37 PM
पवन ऊर्जा खरीद में UP बना देश का अग्रणी राज्य, मिला 'विंड प्रोक्योरमेंट चैंपियन' सम्मान

लखनऊ, 15 जून 2026 (IPN)। उत्तर प्रदेश ने स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) द्वारा प्रतिष्ठित "विंड प्रोक्योरमेंट चैंपियन" सम्मान प्राप्त किया है। यह सम्मान 15 जून, 2026 को गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के "ग्लोबल विंड डे-2026" कार्यक्रम में पवन ऊर्जा की खरीद एवं उसके प्रोत्साहन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) तथा ऊर्जा विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावी ऊर्जा नीति और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश लगातार बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पवन ऊर्जा एक ऐसा स्वच्छ ऊर्जा स्रोत है जो गर्मियों के दौरान तथा विशेष रूप से शाम और रात्रि के समय भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहती है, जबकि उस समय बिजली की मांग सर्वाधिक होती है। यही कारण है कि राज्य सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा के विविध स्रोतों को अपनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पवन ऊर्जा उत्पादन की प्राकृतिक संभावनाएं सीमित होने के बावजूद उत्तर प्रदेश ने अन्य पवन ऊर्जा उत्पादक राज्यों से दीर्घकालिक अनुबंधों के माध्यम से बड़ी मात्रा में हरित ऊर्जा खरीदकर देश के सामने एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किया है।

श्री शर्मा ने बताया कि भारतीय सौर ऊर्जा निगम (SECI) तथा पावर ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन (PTC) के माध्यम से प्रदेश द्वारा अब तक लगभग 5805 मेगावाट पवन ऊर्जा क्षमता का दीर्घकालिक प्रबंध किया जा चुका है, जिसमें से लगभग 1630 मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं चालू होकर प्रदेश को हरित ऊर्जा उपलब्ध करा रही हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2030 तक निर्धारित नवीकरणीय ऊर्जा उपभोग दायित्व (RPO) लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा अतिरिक्त 5000 मेगावाट पवन ऊर्जा खरीदने की कार्ययोजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित एवं सतत विकास के विजन को साकार करने की दिशा में प्रदेश की सक्रिय भूमिका का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा देश के ऊर्जा परिवर्तन अभियान का अग्रणी राज्य बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश की ओर से UPPCL के निदेशक (कॉरपोरेट प्लानिंग) दीपक रायजादा ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से यह सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपद यशो नायक सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.