एक्सप्रेसवे से ज्यादा रफ्तार यूपी के विकास की: पीएम मोदी

UP's development is moving at a faster pace than the expressway: PM Modi

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 29 Apr, 2026 06:41 PM
एक्सप्रेसवे से ज्यादा रफ्तार यूपी के विकास की: पीएम मोदी
गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण पर पीएम मोदी ने की सीएम योगी के नेतृत्व में हो रहे विकास की सराहना

पीएम ने गंगा एक्सप्रेसवे को बताया विकास की नई लाइफलाइन, किसानों, उद्योग व युवाओं के लिए खुलेंगे अवसरों के द्वार

हरदोई, (आईपीएन)। गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में केवल एक्सप्रेसवे ही नहीं बन रहे, बल्कि इनसे भी तेज गति से प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने इसे “नए उत्तर प्रदेश” की पहचान बताते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, कनेक्टिविटी और रोजगार के लिए नई लाइफलाइन साबित होगा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक परिवर्तन का आधार है, जहां प्रदेश का विकास एक्सप्रेसवे की रफ्तार से भी तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

हरिद्वार तक विस्तार की योजना पर काम शुरू

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे का यह वरदान मां गंगा के आशीर्वाद से मिला है। अब लोग कुछ ही घंटों में संगम पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा के दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने खुशी जताई कि एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा गया है, जो प्रदेश की विरासत और विकास दोनों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले किसानों की फसलें समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पाती थीं, लेकिन अब एक्सप्रेसवे के माध्यम से कम समय में उत्पाद बाजारों तक पहुंचेंगे, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। मेरठ के स्पोर्ट्स गुड्स, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ का आंवला जैसे उत्पादों को नई बाजार पहुंच मिलेगी। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों में उद्योगों को आकर्षित करेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा। गंगा एक्सप्रेसवे केवल पांच वर्षों में बनकर तैयार हुआ है और इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है, जिससे यह मेरठ से आगे हरिद्वार तक पहुंचेगा। साथ ही इसे अन्य एक्सप्रेसवे से जोड़कर एक व्यापक नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर से बदल रही यूपी की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो रहा है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है। राज्य में 21 एयरपोर्ट विकसित हो रहे हैं, जिनमें 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। ब्रह्मोस मिसाइल जैसे बड़े प्रोजेक्ट यूपी की औद्योगिक शक्ति को नई पहचान दे रहे हैं। एक समय उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू’ राज्य कहा जाता था, लेकिन आज वही राज्य 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के साथ प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल रही है और अब यूपी निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।

पिछली सरकारों ने अपराध-जंगलराज को यूपी की पहचान बना दिया था

प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या पुरानी सरकारों में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की कल्पना भी की जा सकती थी? पहले पलायन होता था, आज यहां इन्वेस्टर समिट हो रहे हैं। भारत में जितने मोबाइल फोन बनाए जा रहे हैं, उनमें से आधे से अधिक केवल उत्तर प्रदेश में ही बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश ने पुरानी सियासत को बदल दिया है। हमारा उत्तर प्रदेश भगवान राम और कृष्ण की पावन धरती है। पिछली सरकारों ने अपराध और जंगलराज को यूपी की पहचान बना दिया था। जिनके हाथ से सत्ता गई है, वे आज फिर यूपी और समाज को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वे महिला विरोधी हैं, नारी शक्ति वंदन अधिनियम का भी उन्होंने विरोध किया। लेकिन इन विपक्षी दलों को यूपी की सीटें बढ़ने से आपत्ति है। वे आपके वोट से संसद पहुंचते हैं और फिर यूपी को गाली देने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं।

“जय श्रीराम” और "गंगा मैया की जय" उद्घोष से गूंजता रहा लोकार्पण समारोह

गंगा एक्सप्रेसवे के ऐतिहासिक लोकार्पण अवसर पर हरदोई का कार्यक्रम स्थल उस समय जन-उत्सव में बदल गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही हजारों की भीड़ स्वतः स्फूर्त भाव से कुर्सियों से खड़ी हो गई और पूरा पंडाल “भारत माता की जय”, “जय श्रीराम”, “गंगा मैया की जय” तथा “हर-हर गंगे” के उद्घोष से गूंजायमान हो उठा।

जनसमूह के बीच से उठती “मोदी-मोदी” और “योगी-योगी” की गूंज ने पूरे माहौल को और ऊर्जावान बना दिया। इस आत्मीय स्वागत को देखकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया। मंच पर उपस्थित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी जनता जनार्दन को प्रणाम कर उसके उत्साह का सम्मान किया।

भीषण गर्मी के बावजूद दूर-दराज के जिलों से पहुंचे लोगों का जोश और उत्साह का भाव देखने लायक था। विकास और आस्था के इस संगम ने माहौल को उत्सव में बदल दिया, जहां हर चेहरा इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने को उत्साहित दिखा। लोग हाथ उठाकर अभिवादन कर रहे थे तो कई अपने मोबाइल में इस यादगार पल को कैद करने में जुटे थे।

कार्यक्रम स्थल का समूचा दृश्य यह अहसास करा रहा था कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि जन-आकांक्षाओं और विकास की एक नई यात्रा का उत्सव है, जिसका इंतजार लोगों को लंबे समय से था।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.