यूपी विधानसभा ने पूर्व राज्यपाल समेत दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि, 22 को पेश होगा बजट
UP Vidhansabha pays tribute to the late members including former Governor, budget will be presented on 22nd
IPN Live
Lucknow, 21 Feb, 2023 02:29 PMलखनऊ, 21 फरवरी 2023 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा ने बजट सत्र के दूसरे दिन पूर्व राज्यपाल समेत दिवंगत सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। समूचे सदन ने दिवंगत सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की और पीठ से आग्रह किया कि उनकी संवेदनाएं दिवंगत सदस्यों के परिजनों तक पहुंचा दी जायें। पीठ के निर्देश पर सभी सदस्यों ने दिवंगत सदस्यों के प्रति अपना शोक प्रकट करने के लिए अपने-अपने स्थान पर खडे़ होकर दो मिनट का मौन भी रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। कल उ.प्र. सरकार अपना बजट भी पेश करेगी।
यूपी विधानसभा के पूर्व स्पीकर केशरीनाथ त्रिपाठी, एमएलसी बी.एल. दोहरे, छानबे सीट से विधायक राहुल कोल सहित 15 दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। सदन की कार्यवाही के दौरान जिन अन्य नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई। उनमें अमरनाथ यादव, त्रिलोकी राम, मथुरा प्रसाद तिवारी, विजय बहादुर पाल, जसवीर सिंह, संजीव राजा, राम स्वरूप सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता विपक्ष अखिलेश यादव ने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अपना दल एस के आशीष पटेल, राष्टीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान, संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जगदीश नारायण, कांग्रेस की आराधना मिश्रा और बसपा के उमाशंकर सिंह समेत सभी दलीय नेताओं ने अपनी संवेदनाएं प्रकट की। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दिवंगत सदस्यों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए पीठ से सभी सदस्यों के साथ दो मिनट का मौन रखा।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता सदन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के छानबे क्षेत्र के विधायक राहुल प्रकाश कोल व पूर्व अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी सहित सदन के पन्द्रह पूर्व सदस्यों के निधन की सूचना दी। नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 18वीं विधानसभा के अपना दल एस के सदस्य रहे राहुल प्रकाश कोल 2017 में भी अपनादल से निर्वाचित होकर विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। राहुल के निधन को उन्होने दुखद बताते हुए कहा कि जनसेवक का जीवन संघर्षपूर्ण होता है। उसे पग-पग पर अग्नि परीक्षा देने पडती है। योगी ने कहा कि विधानसभा के लिए निर्वाचत होने से पहले छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय हुए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के तीन बार अध्यक्ष तथा पश्चिम बंगाल सहित मिजोरम, मेघालय, बिहार के राज्यपाल रहे स्वर्गीय केशरी नाथ त्रिपाठी को श्रद्वांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से राजनीति, साहित्य, विधा की अपूर्णीय क्षति हुई है। राजनीति के साथ-साथ उन्होंने साहित्य विधा में उल्लेखनीय योगदान किया। जिसके चलते उन्होने हिन्दी संस्थान का कार्यकारी अध्यक्ष का भी दायित्व संभाला।
नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी मौजूदा विधानसभा के सदस्य रहे राहुल प्रकाश कोल और विधानसभाध्यक्ष रहे केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया। राहुल कोल ने अपने समाज उत्थान के लिए काफी काम किया। वे इस समाज के उन्नयन के लिए आखिर तक संघर्ष करते रहे। विधानसभा के तीन बार पूर्व अध्यक्ष रहे केशरी नाथ त्रिपाठी के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होने राजनीति के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में उनकी खासी ख्याति थी।
अपनादल एस विधानमंडल दल के नेता और प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने विधानसभा सदस्य रहे राहुल प्रकाश कोल के निधन को प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ अपना दल के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होने कहा कि राहुल कोल उनके दल के उपनेता भी रहे थे। उनकी अपने निर्वाचन क्षेत्र के अलावा आस-पास के क्षेत्रों में काफी लोकप्रियता थी। विधानसभाध्यक्ष रहे केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर उन्होने दलीय नेताओं से अपने को सम्बद्व करते हुए कहा कि उन्हे विधायी और संसदीय कार्य का अच्छा अनुभव था। राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल वालियान, निषाद पार्टी विधानमडल दल के नेता कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, बसपा विधानमंडल के नेता उमाशंकर सिंह, सुभासपा के वरिष्ठ सदस्य जगदीश नारायण राय, ने राहुल प्रकाश कोल, केशरी नाथ त्रिपाठी सहित पन्द्रह पूर्व विधायकों के निधन पर शोक व्यक्त कर दलीय नेताओं से अपने सम्बद्व किया।
नेता सदन और नेता प्रतिपक्ष और दलीय नेताओं के बाद विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना ने राहुल प्रकाश कोल, पूर्व विधानसभाध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी, सहित पन्द्रह पूर्व विधायको के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि केशरी नाथ त्रिपाठी का राजनीति के साथ-साथ साहित्य में खासा दखल था। विधायिका के प्रति उन्होने समर्पित भाव से काम किया था। उन्होने साहित्य के जरिए अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर देश को पहचान दिलाई। उन्होने कहा कि विधानसभाध्यक्ष के आसन पर रहते हुए उनके प्रति संवेदना व्यक्त करना उनके लिए कठिन साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केशरी नाथ त्रिपाठी के साथ उन्हे कार्य करने का अवसर मिला है। विधानसभाध्यक्ष के रूप में सदन के सदस्यों के प्रति अपनापन, स्नेह और समर्पण का भाव था। वे विराट व्यक्तित्व के धनी थे उन्हे चुनाव याचिकाओं का र्ममज्ञ माना जाता था। इसी के साथ विधानसभाध्यक्ष ने पूर्व सदन के पूर्व सदस्य रहे रामचन्द्र त्रिपाठी, बजेन्द्र प्रताप सिंह, सत्यप्रकाश, जगन्नाथ सिंह परमार, त्रिलोकीराम, मथुराप्रसाद तिवारी, बजेन्द्र पाल सिंह, विजय बहादुर पाल, विक्रमाजीत मौर्य, सुंदरलाल दीक्षित, जसवीर सिंह, संजीव राजा, बनवारी लाल दोहरे, रामस्वरूप सिंह, के निधन के साथ दिवंगत सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त कर सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गयी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की कार्यवाही के दौरान मोबाइल बजने की घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि सदन में इस तरह का आचरण शोभनीय नहीं है। इस पर संयत बरतना चाहिए। उनहोंने कहा कि यह घटना निंदनीय है।
बता दें कि 22 फरवरी को योगी सरकार बजट पेश करेगी। बजट में जहां एक तरफ 2024 में होने वाले आम चुनावों की तैयारियों की झलक होगी। वहीं, संकल्प पत्र में किए कई वादों को जमीन पर उतारने के लिए कवायद भी इस बजट के जरिए योगी सरकार शुरू करेगी। बजट का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर होगा, जिससे अगले 5 सालों में प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाया जा सके।

No Previous Comments found.