यूपी विधान परिषद: सरकार को शिक्षा विरोधी बता सपा पहुंची वेल में, दिया धरना
UP Legislative Council: Calling the government anti-education, SP reached the well, staged a sit-in
IPN Live
Lucknow, 19 Sep, 2022 09:41 PMलखनऊ, 19 सितम्बर 2022 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सोमवार को शून्य प्रहर में समाजवादी पार्टी के सदस्य लाल बिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा और डा0 मानसिंह यादव एवं अन्य सदस्यों ने माध्यमिक विद्यालयों के प्रबन्धकों व शिक्षकों पर 23 अगस्त, 2022 को मान्यताओं की शर्तों में सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद्, प्रयागराज द्वारा किये गये संशोधन प्रस्ताव का मामला कार्य स्थगन के रूप में उठाया। सूचना की ग्राह्यता पर सपा के आशुतोष सिन्हा ने कहा संशोधन प्रस्ताव के जरिये शिक्षा पूंजीवाद के हवाले जाती दिख रही है। डा0 मान सिंह ने कहा कि सरकार वित्तविहीन शिक्षकों की कोई मदद नहीं कर रही बल्कि वह शिक्षा व्यवस्था में ऐसी व्यवस्था कर रही है कि शिक्षा व्यवस्था को कंपनियां चलायें। सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर हो। लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षा अब पूरी तरह से मध्यमवर्गीय और समाजसेवियों के हाथों से छीनकर सरकार पूंजीपतियों के हाथों में देना चाहती है। शिक्षा का व्यवसायीकरण करने जा रही है। शिक्षा का बाजारीकरण से रोका जाये।
नेता सदन और उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने विपक्ष की बात को खारिज करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो। परीक्षा नकल विहीन हो और परीक्षा केन्द्रों का दुरूपयोग न हो। हम शिक्षा में बहुउद्देश्यीय सुधार चाहते है जिससे प्रदेश, देश ही में नहीं बल्कि दुनियां की किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में प्रदेश का नाम कमाये। सरकार के जवाब में असंतुष्ट सपा के सदस्य शिक्षा विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी के नारे लगाते हुए वेल में धरने पर बैठ गये। सभापति और शिक्षक दल के सदस्यों के अनुरोध पर सदस्य वापस अपने-अपने स्थान पर गये।

No Previous Comments found.