नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर में होगी दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता

Two-day state-level wrestling competition to be held at Gorakhnath Temple on Nag Panchami

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 15 Aug, 2026 12:25 AM
नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर में होगी दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता

गोरखपुर, 14 अगस्त (आईपीएन)। नागपंचमी के पावन पर्व के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 16 और 17 अगस्त को किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और वीर अभिमन्यु खिताब के लिए पहलवान जोर आजमाइश करेंगे।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में पहलवानों का उत्साहवर्धन करने और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ 17 अगस्त को मौजूद रहेंगे।

करीब 325 पहलवान होंगे शामिल

प्रदेश शासन के खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ के संयुक्त आयोजन में होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों, स्पोर्ट्स छात्रावासों तथा विभिन्न मंडलों और जिलों से करीब 325 पहलवान हिस्सा लेंगे।

जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह ने बताया कि नागपंचमी पर देशज खेलों की प्राचीन परंपरा रही है और गोरखनाथ मंदिर का भी इस परंपरा से गहरा जुड़ाव है। मंदिर में हर वर्ष नागपंचमी के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप पिछले कुछ वर्षों से इस पारंपरिक आयोजन को प्रदेश स्तरीय स्वरूप दिया गया है।

तीनों विजेताओं को मिलेगा 1.01 लाख रुपये का पुरस्कार

प्रतियोगिता में तीन प्रमुख खिताबों के लिए मुकाबले होंगे—

- उत्तर प्रदेश केसरी

- उत्तर प्रदेश कुमार

- उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु

तीनों खिताबों के विजेताओं को 1.01 लाख रुपये नकद और गदा प्रदान की जाएगी। उपविजेताओं को 51 हजार रुपये तथा प्रत्येक खिताब में तीसरे स्थान पर रहने वाले दो-दो पहलवानों को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों को प्रत्येक कुश्ती बाउट के लिए खेल विभाग की ओर से 500 रुपये की धनराशि दी जाएगी।

16 अगस्त को उद्घाटन, 17 को पुरस्कार वितरण

कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे होगा। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों के बाद समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वह पहलवानों का उत्साहवर्धन करने के साथ विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।

गोरखनाथ मंदिर में नागपंचमी के अवसर पर होने वाली यह प्रतियोगिता जहां पारंपरिक भारतीय खेल संस्कृति को आगे बढ़ाएगी, वहीं प्रदेश के युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच भी प्रदान करेगी।

#GorakhnathMandir #NagPanchami #Wrestling #Kushti #YogiAdityanath #CMYogi #UPKesari #UPKumar #VeerAbhimanyu #Gorakhpur #UttarPradesh #Sports #ipnlive #ipnnews #ipn

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.