सरोजनीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े डंपर से टकराई वैगनआर, उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह की मौत
Tragic road accident in Sarojini Nagar: WagonR collides with a parked dumper, sub-inspector Satendra Singh dies
IPN Live
Lucknow, 22 Sep, 2026 01:09 AMए. अहमद सौदागर
लखनऊ, 21 सितंबर 2026 (आईपीएन)। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में डायल-112 मुख्यालय में तैनात उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह (52) की दर्दनाक मौत हो गई। उनकी वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े एक डंपर से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार उपनिरीक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ पड़ी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार कानपुर नगर जिले के सनिगवां कोयला नगर निवासी उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह वर्तमान में डायल-112 मुख्यालय में तैनात थे। सोमवार सुबह वह वर्दी में अपनी वैगनआर कार से किसी आवश्यक कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान जब वह सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के दरोगाखेड़ा के पास पहुंचे, तभी उनकी कार सड़क किनारे पहले से खड़े डंपर संख्या यूपी-32 डब्ल्यूएन-9889 से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरोजनीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार में फंसे उपनिरीक्षक को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना पाकर कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में कार के खड़े डंपर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सहकर्मियों के अनुसार वह एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और मिलनसार अधिकारी थे। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
#Lucknow #SarojiniNagar #RoadAccident #UPPolice #SubInspector #SatendraSingh #Dial112 #DumperAccident #AhmedSaudagar #IPNNews #BreakingNews #LucknowNews

No Previous Comments found.