ट्रेडीशन संग ट्रेड: ग्लोबल मेहमानों के सामने सजेगा यूपी की संस्कृति का ‘महाकुंभ'

Trade with tradition: UP's 'Mahakumbh' of culture to be showcased before global guests

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 20 Sep, 2026 01:21 AM
ट्रेडीशन संग ट्रेड: ग्लोबल मेहमानों के सामने सजेगा यूपी की संस्कृति का ‘महाकुंभ'

25 से 29 सितंबर तक काशी के शास्त्रीय सुर से बुंदेलखंड के राई, अवध की सूफियाना शाम और पूर्वांचल के लोक रंग तक दिखेगी प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा, 19 सितंबर (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और व्यापारिक ताकत के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भी अब वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाएगी। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों और आगंतुकों को प्रदेश की लोक कलाओं, शास्त्रीय संगीत, नृत्य, भजन, सूफी गायन और पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं का भव्य संगम देखने को मिलेगा।

योगी सरकार के प्रयासों से आयोजित इस आयोजन में व्यापार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की बहुरंगी सांस्कृतिक पहचान को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की तैयारी है। पांच दिनों तक चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में काशी, अवध, ब्रज, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग लोक एवं शास्त्रीय परंपराएं एक ही मंच पर दिखाई देंगी।

शंख वादन और वैदिक मंगलाचरण से होगा शुभारंभ

25 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत शंख वादन एवं वैदिक मंगलाचरण से होगी। वाराणसी के विशाल कुमार की प्रस्तुति के बाद नोएडा के पं. चेतन जोशी का वाद्य संगीत, लखनऊ की अलोकनिशा श्रीवास्तव का कथक नृत्य, प्रयागराज की पूर्णिमा का ढेढ़िया लोक नृत्य और वृंदावन की आरती खेतपाल की भजन प्रस्तुति दर्शकों को उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराएगी।

पखावज से भोजपुरी लोकगायन तक

26 सितंबर को पखावज युगल, भोजपुरी लोक गायन, कथक, मथुरा के लोक नृत्य और स्टार नाइट का आयोजन होगा। दिल्ली के पं. रविशंकर उपाध्याय एवं पं. ऋषि शंकर उपाध्याय पखावज युगल की प्रस्तुति देंगे। मिर्जापुर की कुसुम पांडेय और जौनपुर के अवनीश तिवारी भोजपुरी लोक गायन प्रस्तुत करेंगे। नोएडा की मर्यादा कुलश्रेष्ठ कथक, जबकि मथुरा की सीमा मावल लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगी। सुल्तानपुर की निष्ठा शर्मा स्टार नाइट में अपनी प्रस्तुति देंगी।

राई और भरतनाट्यम से सजेगी शाम

27 सितंबर को सैक्सोफोन वाद्य संगीत, भजन एवं लोक गायन के साथ झांसी का प्रसिद्ध राई लोक नृत्य, भरतनाट्यम और स्टार नाइट आकर्षण का केंद्र होंगे। बुंदेलखंड की राई नृत्य परंपरा के माध्यम से विदेशी मेहमानों को उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति के विशिष्ट रंगों से रूबरू कराया जाएगा।

आल्हा, थारू नृत्य और सूफियाना रंग

28 सितंबर को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ का परकशन एन्सेंबल कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा। इसके बाद महोबा के जितेंद्र चौरसिया आल्हा गायन के जरिए बुंदेलखंड की वीरगाथा परंपरा को मंच देंगे। कथक के साथ पीलीभीत का थारू जनजातीय नृत्य और सुल्तानपुर की रूपाली जोग्गू की सूफी नाइट सांस्कृतिक शाम को विविध रंग प्रदान करेगी।

पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा के सितार से होगा समापन

29 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन भी खास अंदाज में होगा। वाराणसी के पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा सितार वादन की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ लखनऊ के कमाल खान का गजल गायन, गाजियाबाद की मिताली सैनी का कथक, ‘कथक ऑफ इंडिया/यूपी’ की कोरियोग्राफ्ड प्रस्तुति और स्टार नाइट आयोजित होगी।

व्यापार के साथ संस्कृति की वैश्विक ब्रांडिंग

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि प्रदेश की सॉफ्ट पावर और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का माध्यम भी बनेंगे। काशी के शास्त्रीय सुर, ब्रज की भक्ति परंपरा, अवध की सूफियाना विरासत, बुंदेलखंड की राई और आल्हा, पूर्वांचल का लोक गायन तथा तराई की जनजातीय संस्कृति एक साथ दुनिया के सामने आएगी।

औद्योगिक उत्पादों, निवेश और व्यापारिक संभावनाओं के बीच सांस्कृतिक प्रस्तुतियां यह संदेश भी देंगी कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल आर्थिक क्षमता तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की सदियों पुरानी कला, संगीत, नृत्य और लोक परंपराएं भी उसकी वैश्विक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस तरह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ‘ट्रेड के साथ ट्रेडीशन’ के संगम का एक बड़ा मंच बनकर उभरता दिखाई देगा।

#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #ipnlive #ipnnews #ipn #UPInternationalTradeShow #UttarPradesh #UPCulture #UPTourism #IndianCulture #CulturalHeritage #TradeShow #GreaterNoida #Lucknow #Varanasi #Kathak #Bundelkhand #RaiDance #SufiMusic #TharuDance #Alha #IndianClassicalMusic

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.