प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर लखनऊ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
Tight security in Lucknow for the arrival of Prime Minister Narendra Modi, police deployed at every nook and corner.
IPN Live
Lucknow, 21 Nov, 2026 02:24 AMप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर लखनऊ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
एटीएस, एसटीएफ और कमांडो संभालेंगे सुरक्षा की कमान, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, होटलों और बाजारों में सघन चेकिंग अभियान
लखनऊ, 20 नवंबर 2026 (आईपीएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को राजधानी लखनऊ आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। शहर में हाई अलर्ट जारी करते हुए चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के आला अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा इंतजामों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के कड़े निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा में एटीएस, एसटीएफ के अधिकारी और कमांडो भी तैनात रहेंगे। मंच के आसपास कमांडो और पुलिसकर्मियों का मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। पुलिस कमिश्नर से लेकर सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और जिम्मेदारी संभालेंगे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने दिए सघन चेकिंग के निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को व्यापक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। निर्देश मिलते ही डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा समेत सभी जोन के अधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीमों ने शुक्रवार को शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख बाजारों, धर्मशालाओं, होटलों और मॉल सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से सघन चेकिंग की गई। प्रमुख बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
होटलों और साइबर कैफे पर भी पुलिस की नजर
सुरक्षा के मद्देनजर शहर में वाहनों की भी सघन चेकिंग कराई जा रही है। प्रमुख होटलों में ठहरने वाले लोगों का विवरण जुटाया जा रहा है। इसके अलावा साइबर कैफे में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने सभी जोन के पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वस्तुओं की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#PMModi #NarendraModi #Lucknow #PMVisitLucknow #SecurityAlert #UPPolice #PoliceSecurity #ATS #STF #BombSquad #DogSquad #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.