बारावफात जुलूस को लेकर लखनऊ में कड़ी सुरक्षा, पांच जोन और 23 सेक्टरों में तैनाती
Tight security in Lucknow for Barawafaat procession, deployment in five zones and 23 sectors
IPN Live
Lucknow, 26 Aug, 2026 01:32 AMलखनऊ, 26 अगस्त (आईपीएन)। 12 रबी उल अव्वल यानी बारावफात के मौके पर मंगलवार को सुन्नी समुदाय का जुलूस अमीनाबाद स्थित झंडे वाला पार्क से शुरू होकर ऐशबाग ईदगाह तक निकाला जाएगा। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने मातहत अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जुलूस के दौरान पुराने लखनऊ में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। वीडियो कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी।
जुलूस सुबह करीब 10 बजे झंडे वाला पार्क से शुरू होकर मौलवीगंज, गंगा प्रसाद रोड, रकाबगंज चौराहा, नादान महल रोड, नक्खास तिराहा, बिल्लौचपुरा और हैदरगंज तिराहा होते हुए शाम करीब चार बजे ऐशबाग ईदगाह पहुंचेगा।
पांच जोन और 23 सेक्टरों में बांटा गया क्षेत्र
बबलू कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे क्षेत्र को पांच जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जुलूस की सुरक्षा में तीन पुलिस उपायुक्त, 16 अपर पुलिस उपायुक्त, 38 सहायक पुलिस आयुक्त, 54 निरीक्षक, 475 उपनिरीक्षक, 665 मुख्य आरक्षी व आरक्षी तथा 145 महिला आरक्षी तैनात रहेंगी।
इसके अलावा 11 कंपनी पीएसी, दो कंपनी आरआरएफ, एक एटीएस टीम, छह क्यूआरटी और चार महिला क्यूआरटी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। एलआईयू की टीम के साथ दो ड्रोन कैमरे, 36 क्लस्टर मोबाइल और 10 घुड़सवार पुलिसकर्मी भी निगरानी में लगाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अराजकता से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। जुलूस के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किया जाएगा।
रिपोर्ट: ए. अहमद सौदागर
#ipnlive #ipnnews #ipn #Barawafat #Lucknow #LucknowPolice #BabluKumar #LawAndOrder #UttarPradesh #PoliceSecurity

No Previous Comments found.