UP विधानसभा में सपा और उपमुख्यमंत्री के बीच हुई तीखी नोंकझोंक, सपा सदस्यों ने किया वाकआउट

There was a heated argument between the SP and the Deputy Chief Minister in the UP Assembly, SP members staged a walkout

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 21 Sep, 2022 05:48 PM
UP विधानसभा में सपा और उपमुख्यमंत्री के बीच हुई तीखी नोंकझोंक, सपा सदस्यों ने किया वाकआउट

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा: 2017 से पहले लूट का अडडा बने हुए थे सारे स्वास्थ्य केन्द्र

लखनऊ, 21 सितम्बर 2022 (आईपीएन)। मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन में खासी गरमागरमी दिखाई दी। प्रश्न प्रहर के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए जैसे ही खडे हुए तभी नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जब इस मामलें में नेता सदन कल पूरा जवाब दे चुके हैं तो इस विषय पर आज कोई वक्तव्य सुने जाने का औचित्य नहीं है। इस पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का कहना था कि नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जो मिथ्या आरोप लगाए गए हैं उनके बारे में स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। सपा के सदस्य उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। इसी बीच सपा सदस्यों और उपमुख्यमंत्री के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। बाद में सपा के सभी सदस्य सदन से वाकआउट कर गए। 

सपा सदस्यों के वाकआउट करने के बाद भी उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप मिथ्या हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने कल जिस भाषाशैली का इस्तेमाल किया वह उनके पद की मर्यादा के अनुरूप नहीं थी। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का इतना बुरा हाल था कि टार्च की रोशनी में आपरेशन होते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है। प्रदेश में योगी सरकार के सत्तारूढ होने के बाद से 14 जिलों को छोड़कर सभी जिलों में मेडिकल कालेजों की स्थापना की चुकी है। मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस की सीटे बढ़ाई गयी। यहीं नहीं रायबरेली और गोरखपुर में एम्स की स्थापना की गयी। जबकि सपा के कार्यकाल में तो स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बजट ही नहीं आवंटित होता था। सारे स्वास्थ्य केन्द्र लूट का अडडा बने हुए थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अब तक 272 अस्पतालों का आकस्मिक निरीक्षण किया है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह सरकार की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का नतीजा है कि प्रदेश के अस्पतालों में प्रतिदिन डेढ़ लाख लोगों को उपचार किया जा रहा है। 

सत्रावसान के बाद समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी: संसदीय कार्यमंत्री

सपा के वरिष्ठ सदस्य लाल जी वर्मा ने सदन की समितियों के गठन का मामला उठाते हुए कहा कि सदन में विपक्ष के संख्याबल के आधार पर समितियों में उसके सदस्यों को मौका मिलना चाहिए। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आश्वासन दिया कि सत्रावसान के बाद समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी। 

एक दिन में पांच से ज्यादा याचिकाएं न लगाई जाए

सपा के वरिष्ठ सदस्य मनोज कुमार पांडेय और राकेश कुमार सिंह ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि सदन में मं़ित्रयों द्वारा सदस्यों के पूछे गए सवालों का बिन्दुवार जवाब नहीं दिया जाता। इसके लिए जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिएं। इसी के साथ सपा के ही वरिष्ठ सदस्य लालजी वर्मा ने सदन में आने वाली याचिकाओं का जवाब न मिलने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि आज भी कई याचिकाएं और आश्वासन समितियों में ऐसे प्रकरण लंबित है जिसमें न तो याचिकाएं लगाने वाले लोग बचे हैं न ही जवाब देने वाले सदन में है। इस पर विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सारी याचिकाओं का निस्तारण संभव नहीं हो पाता इसलिए ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि एक दिन में पांच से ज्यादा याचिकाएं न लगाई जाए।

खीरी के निघासन में दुष्कर्म और हत्या मामले में फास्ट टैªककोर्ट में मुक्दमा चलाए जाने का निर्णय

आज ही सदन में बसपा के उमाशंकर सिंह ने हाल ही में लखीमपुर खीरी के निघासन में दो दलित लडकियों के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद उनके शवों का लटकाएं जाने का मामला उठाया। इस पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि इस मामलें मे त्वरित कार्रवाई की गयी। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसी के साथ इस प्रकरण में सरकार ने आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट टैªककोर्ट में मुक्दमा चलाए जाने का निर्णय लिया है। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.