प्रदेश का युवा परिश्रमी और देश के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति से भरपूर: सीएम योगी
The youth of the state are hardworking and full of willpower to do something for the country: CM Yogi
IPN Live
Lucknow, 16 Aug, 2026 02:38 AMस्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नाम दिया संदेश, नई ‘यूथ पॉलिसी’ की घोषणा
बोले- सरकार का संकल्प हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और एंप्लॉयमेंट देना
‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बना यूपी, अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन: योगी
लखनऊ, 15 अगस्त 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं के लिए नई ‘यूथ पॉलिसी’ की घोषणा की। विधानभवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार के बाद उत्तर प्रदेश अब ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है और देश की अर्थव्यवस्था के ‘ग्रोथ इंजन’ की भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई यूथ पॉलिसी के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के स्किल, इनोवेशन और एंप्लॉयमेंट को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ मजबूती दी जाएगी। सरकार का संकल्प हर युवा के हाथ में कौशल, नवाचार और रोजगार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा प्रतिभावान, परिश्रमी और देश एवं समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति से भरपूर है। सरकार ने नकल माफिया और भर्ती माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। जेन-जी और जेन-अल्फा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीप टेक और मेड टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है।
सीएम युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और गांवों में खेल के मैदान एवं ओपन जिम विकसित किए जा रहे हैं।
नारी शक्ति को असुरक्षा से मिली आजादी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की बहन-बेटियों को असुरक्षा से आजादी दिलाने के साथ उन्हें सम्मान और स्वावलंबन का अवसर मिला है। आज बेटियां बाजार, पढ़ाई और अपने काम के लिए कहीं भी सुरक्षित रूप से आ-जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा उत्तर प्रदेश बनाया जा रहा है जहां विरासत और भविष्य की तकनीक, संस्कृति और आधुनिकता तथा परंपरा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ें।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन
योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बिना देश का स्वतंत्रता संग्राम अधूरा है। मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, अवंती बाई लोधी, झलकारी बाई कोरी और ऊदा देवी पासी से लेकर चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह और तात्या टोपे तक अनेक वीरों ने इस धरती से स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एसटीएफ के जांबाज इंस्पेक्टर शहीद सुनील कुमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शामली में अपराधियों से मुठभेड़ के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए सुनील कुमार वीरगति को प्राप्त हुए। उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है।
यूपी बना निवेश का ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने पिछड़ेपन, गरीबी और अशिक्षा को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट, डिजिटल इंडिया से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि से उद्योग और स्टार्टअप से डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग तक प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार और सुशासन के कारण उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। नौ वर्षों में प्रदेश का बजट और अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है तथा प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनके माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार मिला है। प्रदेश में चार करोड़ से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार का सृजन हुआ है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों में 19 बुनियादी सुविधाओं का संतृप्तिकरण किया गया है। सीएम अभ्युदय विद्यालय, पीएम श्री विद्यालय और सीएम कंपोजिट विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत रह गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। आयुष्मान भारत से जुड़े लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। शिक्षकों, शैक्षणिक कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की गई है।
गरीबों, महिलाओं और जनजातियों के लिए योजनाएं
योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 65 लाख से अधिक परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। तीन करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए हैं। दो करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन तथा जरूरतमंदों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वनटांगिया, मुसहर, थारू, चेरो, कोल, सहरिया और बुक्सा जैसी जनजातियों को भी बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का कार्य तेजी से किया गया है। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को ग्राम सचिवालय से जोड़ने की दिशा में कार्य हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उद्यम, स्वरोजगार और बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ रही हैं। बीसी सखी, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों और एफपीओ के माध्यम से नारी शक्ति प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को रोजगार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, विंध्याचल, चित्रकूट, शुकतीर्थ, संभल और नैमिषारण्य सहित प्रदेश की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास का कार्य किया जा रहा है। भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों तथा संतों और सामाजिक न्याय के पुरोधाओं से जुड़ी विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में 156 करोड़ से अधिक पर्यटकों का उत्तर प्रदेश आगमन हुआ। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। ‘एक जनपद-एक नदी’ योजना के माध्यम से छोटी नदियों के पुनर्जीवन का कार्य किया जा रहा है।
किसान का सम्मान भारत के अन्न का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान का सम्मान भारत के अन्न का सम्मान है। किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे बैंक खातों में मिल रहा है। सिंचाई, गन्ने का उचित मूल्य एवं समय पर भुगतान, बीज-खाद, नई तकनीक, स्टोरेज और प्रोसेसिंग की सुविधाओं के माध्यम से कृषि को बाजार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत तीन करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला है। प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है और 16 लाख निजी नलकूप संचालक किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार नौ वर्षों में प्रदेश की कृषि विकास दर आठ प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत तक पहुंची है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वाधीनता हमें विरासत में मिली है, लेकिन विकसित भारत का निर्माण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हर अन्नदाता के खेत में समृद्धि, हर बेटी के सपनों को उड़ान, हर गांव में विकास और हर नागरिक के जीवन में सम्मान सुनिश्चित करना सरकार का संकल्प है।
समारोह में विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित जनप्रतिनिधि, सेना, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा शहीद परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
#योगीआदित्यनाथ #योगीसरकार #यूथपॉलिसी #स्वतंत्रतादिवस #IndependenceDay #उत्तरप्रदेश #युवाशक्ति #रोजगार #स्किलडेवलपमेंट #इनnovation #नारीशक्ति #किसान #विकसितभारत #निवेश #सुशासन #लखनऊ #UPNews #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.