अयोध्या में श्रद्धालुओं की राह होगी आसान, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग बनेगा फोर लेन

The journey of devotees will be easier in Ayodhya, Panchkosi Parikrama Marg will be made four lane

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 23 Aug, 2026 12:27 AM
अयोध्या में श्रद्धालुओं की राह होगी आसान, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग बनेगा फोर लेन
लखनऊ, 22 अगस्त 2026 (आईपीएन)। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुगम आवागमन को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण को मंजूरी दे दी है। मंत्रिपरिषद ने जनपद अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चैनेज 0.00 से 10.775 के मध्य 9.025 किलोमीटर लंबे मार्ग को चार लेन में विकसित किए जाने के लिए पुनरीक्षित लागत की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

अयोध्या में प्रतिवर्ष कार्तिक मास में विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन होता है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। वर्ष 2024 में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष भी करीब 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंचकोसी परिक्रमा में हिस्सा लिया।

बढ़ते दबाव को देखते हुए जरूरी हुआ विस्तार

वर्तमान में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के कैरिजवे की अधिकतम चौड़ाई करीब सात मीटर है। श्रद्धालुओं और वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण मौजूदा मार्ग पर आवागमन का दबाव बढ़ रहा है। इसे देखते हुए मार्ग की क्षमता बढ़ाने, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए इसे चार लेन में विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

मंत्रिपरिषद की मंजूरी के तहत मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण के साथ आवश्यक अन्य निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। परियोजना की पुनरीक्षित लागत 46,645.62 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

भीड़ और दुर्घटनाओं की संभावना होगी कम

परियोजना के पूरा होने के बाद पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। परिक्रमा के दौरान होने वाली भीड़-भाड़ और यातायात दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। इससे दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।

चार लेन मार्ग के निर्माण से अयोध्या धाम में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सड़क संपर्क विकसित होने के साथ स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों से रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेश सरकार अयोध्या को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का चार लेन में चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण इसी व्यापक विकास योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.