सहज-सरल, लेकिन इरादों के ‘अटल’ थे पूर्व प्रधानमंत्री : सीएम योगी
The former Prime Minister was simple and straightforward, but 'steadfast' in his intentions: CM Yogi
IPN Live
Lucknow, 17 Aug, 2026 04:42 AMलखनऊ, 16 अगस्त (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर लोकभवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल जी के छह दशक लंबे सार्वजनिक जीवन को निर्विवाद और निष्कलंक बताते हुए कहा कि उन्होंने हर भूमिका में ‘राष्ट्र प्रथम’ को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
भारतीय राजनीति के ‘अजातशत्रु’ थे अटल जी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु के रूप में ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के भाव के साथ निरंतर कार्य करते रहे। उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा-370 के विरोध में सत्याग्रह से हुई थी।
उन्होंने कहा कि सांसद, विदेश मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, नेता सदन, जनसंघ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर प्रधानमंत्री तक की अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद अटल जी के लिए राष्ट्र प्रथम रहा। आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने दल से ऊपर उठकर देश को महत्व दिया।
राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सरकार के साथ खड़े रहे
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा देश में आपातकाल लगाए जाने के दौरान अटल जी ने जनसंघ का जनता पार्टी में विलय किया और आपातकाल के खिलाफ आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि 1962, 1965 और 1971 के युद्ध के दौरान अटल जी ने सरकार को कटघरे में खड़ा करने के बजाय एक जिम्मेदार सांसद के रूप में सरकार के साथ खड़े होकर राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूती प्रदान की।
राजनीतिक स्थिरता के लिए एनडीए का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राजनीति में अस्थिरता के दौर को समाप्त कर राजनीतिक स्थिरता और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अटल जी ने राजनीतिक समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत किया। वर्ष 1996-98 के दौर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में एनडीए आज भी सहयोगी दलों के साथ मिलकर देश और विभिन्न राज्यों में सरकारों का संचालन करते हुए सुशासन के लक्ष्य को आगे बढ़ा रहा है।
सहज-सरल, लेकिन इरादों के ‘अटल’
सीएम योगी ने कहा कि अटल जी जितने सहज और सरल थे, उतने ही अपने इरादों में ‘अटल’ थे। कारगिल संघर्ष के दौरान दुनिया ने उनके दृढ़संकल्प को देखा। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने बिना किसी दबाव के अपनी सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया और देश को परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित किया।
बलरामपुर से संसद की शुरुआत, लखनऊ को बनाया कर्मभूमि
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी पहली बार 1957 में उत्तर प्रदेश की बलरामपुर संसदीय सीट से संसद पहुंचे थे। उन्होंने पांच बार लखनऊ संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। नेता प्रतिपक्ष और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अपने यशस्वी शासन का लोहा मनवाया।
सीएम योगी ने कहा कि आज पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को नमन कर रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधायक नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
#ipnlive #ipnnews #ipn #AtalBihariVajpayee #AtalJi #YogiAdityanath #Lucknow #BJP #NDA #AtalJayanti #Tribute #UttarPradesh

No Previous Comments found.