टैबलेट की सौगात से 46,800 युवाओं के डिजिटल भविष्य को मिली नई उड़ान, विद्यार्थियों के बीच पहुंचे सीएम योगी ने ली सेल्फी
The digital future of 46,800 youth has been given a new lease on life with the gift of tablets. CM Yogi, who arrived among the students, took a selfie.
IPN Live
Lucknow, 27 Nov, 2026 08:01 PMगोंडा, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। गोंडा के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत माता के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान कई विद्यार्थी ‘योगी जी का साथ है, भविष्य अपने हाथ है’ के नारे लगाते नजर आए। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और उनके साथ सेल्फी भी ली। टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि इससे उन्हें ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल पुस्तकालय, आधुनिक तकनीक और निशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ रोजगार, इंटर्नशिप और छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारियां हासिल करना भी आसान होगा।
देवीपाटन मंडल के चार जिलों में कुल 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इनमें गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 विद्यार्थी शामिल हैं। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस ने खुशी जताते हुए कहा कि टैबलेट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक उपलब्ध होने से पढ़ाई में मदद मिलेगी। बहराइच की मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम, श्रीकुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वे इसके माध्यम से निशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से नई चीजें सीख सकेंगे।
श्रावस्ती की रिद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी ने भी टैबलेट मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यार्थियों का कहना था कि इससे आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहूलियत मिलेगी।
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में व्यापार, शिक्षा, खेती, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ने वाला यह कार्यक्रम उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में डिजिटल मिशन की शुरुआत की थी और आज भारत डिजिटल सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी देशों में शामिल है। ऑनलाइन भुगतान के क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तकनीकी विकास को गति मिली है। टैबलेट वितरण से विद्यार्थियों को नई उड़ान मिलेगी और वे डिजिटल तकनीक से जुड़कर देश-दुनिया में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह ने कहा कि उनके सामने देवीपाटन मंडल का भविष्य बैठा है। इन्हीं विद्यार्थियों में से कोई भारतीय इंजीनियरिंग सेवा का अधिकारी बनेगा तो कोई वैज्ञानिक। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा तकनीक का सदुपयोग कर अपने सपनों को साकार करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से नीचे उतरकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उनके साथ सेल्फी लेने के लिए विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी आगे आए। टैबलेट की सौगात और मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात का यह अवसर विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।
#YogiAdityanath #DigitalEducation #TabletDistribution #YouthEmpowerment #DeviPatanDivision #Gonda #Bahraich #Balrampur #Shravasti #SwamiVivekanandaYuvaSashaktikaranYojana #UttarPradesh #Education #DigitalIndia #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.