एसजीपीजीआई में 859 करोड़ से बनेगा देश का पहला अत्याधुनिक क्वार्टरनरी केयर सेंटरः सीएम योगी
The country's first state-of-the-art quaternary care center will be built at SGPGI with an expenditure of Rs 859 crore: CM Yogi
IPN Live
Lucknow, 20 Feb, 2026 07:58 PMडिजिटल, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य मॉडल की ओर बढ़ रहा यूपी: मुख्यमंत्री
4,600 नई एंबुलेंस जुड़ीं, 75 हजार से अधिक नियुक्तियांः योगी आदित्यनाथ
अयोध्या धाम में 500 बेड का अस्पताल, 27 मेडिकल कॉलेजों में छात्रावास और लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर के लिए बजट प्रावधानः योगी
लखनऊ, (आईपीएन)। विधानसभा में स्वास्थ्य क्षेत्र पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य तंत्र डिजिटल, सुगम, सुलभ और किफायती मॉडल की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष के नेता को संबोधित करते हुए कहा कि वे हाल ही में उनके क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर चुके हैं और वहां के लोग कार्य से संतुष्ट हैं। मुख्यमंत्री ने सदन में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एसजीपीजीआई), लखनऊ में एक क्वार्टरनरी केयर हेल्थ सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए पहले चरण में 859 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें 359 करोड़ रुपये निर्माण कार्य के लिए और 500 करोड़ रुपये अत्याधुनिक उपकरणों के लिए होंगे। उन्होंने कहा कि यह भारत का पहला ऐसा सुपर स्पेशलिटी और अनुसंधान आधारित अत्याधुनिक केंद्र होगा, जो भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर अच्छे कार्य को और बेहतर बनाने का प्रयास जारी है, लेकिन अब तक जो काम हुए हैं, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस की स्थापना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का क्रियान्वयन, ई-संजीवनी, टेलीमेडिसिन, टेलीरेडियोलॉजी और डिजिटल हेल्थ सेवाओं को व्यापक रूप से लागू किया गया है।
एंबुलेंस नेटवर्क और गोल्डन आवर पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि 2016 में भारत सरकार ने एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया था, जिसे तत्कालीन सरकार ने स्वीकार नहीं किया। वर्तमान सरकार ने न केवल 150 एंबुलेंस स्वीकार कीं, बल्कि अतिरिक्त 150 की मांग भी की। आज स्थिति यह है कि प्रत्येक जिले में 5 से 7-8 एडवांस सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जिससे दुर्घटना या हार्ट अटैक जैसी स्थिति में गोल्डन आवर के भीतर प्रशिक्षित मैनपावर के साथ मरीज को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि 4,600 नई 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को जोड़ा गया है और इसके लिए बजट में धनराशि की व्यवस्था की गई है।
मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 100 अस्पतालों में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सीट वृद्धि के साथ नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं तथा शिक्षकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि एएनएम से लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों तक, स्वास्थ्य और मेडिकल एजुकेशन विभाग में 75,000 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं, जो प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अयोध्या और मेडिकल कॉलेजों के लिए प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि अयोध्या धाम में 500 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा, जिसमें ट्रॉमा और सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए बजट में अलग से धनराशि की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 27 मेडिकल कॉलेजों में छात्रावास निर्माण और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी बजट प्रावधान किया गया है। ट्रॉमा सेंटर के लेवल-2 उन्नयन के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य क्षेत्र अब केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं, सुपर स्पेशलिटी देखभाल और मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण के माध्यम से एक समग्र मॉडल के रूप में विकसित हो रहा है।

No Previous Comments found.