UP विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से, सर्वदलीय बैठक में अध्यक्ष ने दलीय नेताओं से सहयोग का किया अनुरोध, मिला आश्वासन

The budget session of the UP Assembly begins on February 9. At an all-party meeting, the Speaker requested party leaders for cooperation and received assurances.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 9 Feb, 2026 01:47 AM
UP विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से, सर्वदलीय बैठक में अध्यक्ष ने दलीय नेताओं से सहयोग का किया अनुरोध, मिला आश्वासन

लखनऊ, (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने 09 जनवरी से प्रारम्भ हो रहे 18वीं विधान सभा सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी दलीय नेताओं से सहयोग का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि संसदीय व्यवस्था में संवाद तथा सकारात्मक चर्चा-परिचर्चा के माध्यम से लोकतंत्र सुदृढ़ होता है। विधानसभा चर्चा और परिचर्चा का मंच है, शोर-शराबे का नहीं। सहमति और असहमति लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं। शोर-शराबे से न तो सरकार की बात सामने आती है और न ही विपक्ष की।

विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी दलीय नेताओं ने विधान सभा अध्यक्ष को सदन संचालन में सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी विधान सभा है। स्वाभाविक रूप से उत्तर प्रदेश विधान सभा की कार्यवाही पूरे देश के विधान मंडलों के लिए एक मानक एवं आदर्श प्रस्तुत करती है।

श्री महाना ने कहा कि सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर देर शाम तक सदन की कार्यवाही संचालित की जाएगी, ताकि प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पूर्व के इतिहास पर दृष्टि डाली जाए तो विगत चार वर्षों में इस विधानसभा में सर्वाधिक चर्चा हुई है।

विधान सभा अध्यक्ष ने सभी दलों के नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने पक्ष को सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अंतर्गत रखें और प्रेमपूर्ण वातावरण में बहस करें। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार पूर्व के सत्रों में सभी का सहयोग प्राप्त हुआ है, उसी प्रकार इस सत्र में भी सहयोग की आशा है।

इस अवसर पर सभी दलीय नेताओं ने विधान सभा अध्यक्ष की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आपके दिशा-निर्देशन में विधान सभा में निरंतर कुछ नया देखने को मिल रहा है। उम्मीद है कि भविष्य में भी नए प्रयोगों के साथ विधान सभा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।

बैठक में नेता सदन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सभी दलीय नेताओं को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी गंभीरता के साथ विकास को नई गति देने एवं आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी। सरकार सभी मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। संसदीय कार्य मंत्री ने मुख्यमंत्री की भावना के अनुरूप सभी दलीय नेताओं से सदन में शांतिपूर्ण सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, नेता अपना दल (सोनेलाल) राम निवास वर्मा, नेता राष्ट्रीय लोकदल राजपाल बालियान, नेता सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ओमप्रकाश राजभर, नेता निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल रमेश सिंह, नेता भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा जनसत्ता लोकतांत्रिक दल के नेता कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के स्थान पर विनोद सरोज ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और सदन की कार्यवाही को सुव्यवस्थित ढंग से चलाने में हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के अतिरिक्त समिति के सदस्य जयवीर सिंह, बेबी रानी मौर्य, सुशील कुमार शाक्य, जयप्रताप सिंह, सिद्धार्थ नाथ सिंह, पंकज सिंह, रविदास मेहरोत्रा, डॉ. संग्राम यादव, आशु मलिक तथा विशेष आमंत्रित सदस्य रामनिवास वर्मा, राजपाल सिंह बालियान, रमेश, ओमप्रकाश राजभर और आराधना मिश्रा ‘मोना’ शामिल हुए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.