UP में शिक्षकों की तैयारी को मिलेगी नई गति, कक्षा में और प्रभावी होगी पढ़ाई
Teacher preparation in UP will gain new momentum, classroom learning will become more effective
IPN Live
Lucknow, 12 Aug, 2026 07:55 PMलखनऊ, 12 अगस्त 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में शिक्षकों को आवश्यक अकादमिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की लिमिट जारी की है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की तैयारी को मजबूत कर कक्षा-कक्ष में शिक्षण की गुणवत्ता बेहतर करना है।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में कक्षा 1 से 5 तक हिंदी एवं गणित के शिक्षकों के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एलईपी मद में अलग से 42.61 लाख रुपये की लिमिट जारी की गई है।
संदर्शिका और शिक्षक डायरी के लिए 338.54 लाख रुपये
राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा की ओर से कक्षा 1 से 5 तक हिंदी एवं गणित विषय की संदर्शिका और शिक्षक डायरी के मुद्रण एवं आपूर्ति के लिए 75 जिलों को कुल 338.54 लाख रुपये की लिमिट जारी की गई है।
इसमें संदर्शिका के मुद्रण के लिए 172.35 लाख रुपये, शिक्षक डायरी के लिए 152.91 लाख रुपये और मुद्रित सामग्री के परिवहन के लिए 13.27 लाख रुपये शामिल हैं।
संदर्शिका शिक्षकों को पाठ्यपुस्तक की विषयवस्तु को बेहतर तरीके से समझाने, शिक्षण गतिविधियों की योजना बनाने और विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार पाठ को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। वहीं शिक्षक डायरी के माध्यम से दैनिक एवं साप्ताहिक शिक्षण गतिविधियों की कार्ययोजना को व्यवस्थित किया जा सकेगा।
कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए भी संसाधन
कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एलईपी मद में 42.61 लाख रुपये की अलग लिमिट जारी की गई है। इससे उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षक अपनी कक्षा और विषय की आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शैक्षिक संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।
समय से उपलब्ध कराई जाएगी सामग्री
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने संदर्शिका और शिक्षक डायरी की आपूर्ति तथा विद्यालय स्तर तक वितरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को शैक्षिक सत्र के दौरान आवश्यक सामग्री के लिए इंतजार न करना पड़े, इस पर विशेष जोर दिया गया है।
निर्देशों के अनुसार सामग्री की आपूर्ति पूरी होने के बाद निर्धारित वित्तीय नियमों के तहत भुगतान किया जाएगा। जारी धनराशि का उपयोग निर्धारित मद में ही करने तथा भुगतान के दौरान पीएफएमएस कंपोनेंट कोड का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बेहतर तैयारी से बेहतर होगी कक्षा
सरकार का मानना है कि शिक्षण गुणवत्ता का मजबूत आधार शिक्षक की तैयारी है। संदर्शिका और शिक्षक डायरी शिक्षक को पाठ की तैयारी से लेकर कक्षा में उसके प्रभावी क्रियान्वयन तक आवश्यक अकादमिक सहयोग देंगी। इससे शिक्षक विद्यार्थियों के स्तर और सीखने की जरूरत के अनुसार बेहतर योजना बना सकेंगे।
कोट:
“बेहतर कक्षा की शुरुआत बेहतर तैयारी से होती है। योगी सरकार का प्रयास है कि शिक्षक को पाठ की तैयारी से लेकर प्रभावी शिक्षण तक हर स्तर पर जरूरी शैक्षिक सहयोग मिले। संदर्शिका और शिक्षक डायरी इसी शिक्षक-केंद्रित व्यवस्था को मजबूत करने की पहल हैं। हमारा लक्ष्य है कि इन संसाधनों का प्रभाव सीधे कक्षा-कक्ष में दिखाई दे और बच्चों को सीखने के अधिक प्रभावी अवसर मिलें।”
— संदीप सिंह, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश

No Previous Comments found.