हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सुनिश्चित होगा : मुख्यमंत्री

Solution to every person's problem will be ensured: Chief Minister

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 30 Sep, 2026 06:48 PM
हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सुनिश्चित होगा : मुख्यमंत्री

गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन, सीएम योगी ने करीब 150 लोगों की सुनी समस्याएं

गोरखपुर, 30 सितंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायतें सुनीं और सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान पूरी प्रतिबद्धता के साथ कराएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का निस्तारण पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को न्याय मिले और जरूरतमंदों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों से मुलाकात की। उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की मदद के निर्देश

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस्टीमेट मिलते ही मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से उपचार के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

गुरु पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि पर शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।

बुधवार को आश्विन कृष्ण चतुर्थी के अवसर पर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि भी थी। इस अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी विशेष पूजा-अर्चना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री पारंपरिक दिनचर्या के अनुसार मंदिर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की। उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी गोशाला में मौजूद रहे।

#IPNLIVE #ipnnews #ipn #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #YogiAdityanath #Gorakhpur #JanataDarshan #GorakhnathMandir #UttarPradesh #UPNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.