सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर रामपुर ने मारी बाजी
Rampur once again wins the CM dashboard rankings
IPN Live
Lucknow, 11 Aug, 2026 09:11 PMजनशिकायतों के निस्तारण और फीडबैक में रहा अव्वल, जुलाई की रैंकिंग में शाहजहांपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर
लखनऊ, 11 अगस्त 2026 (आईपीएन)। योगी सरकार द्वारा प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर सीएम डैशबोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में भी दिखाई दिया है। रैंकिंग में रामपुर ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं शाहजहांपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर रहे।
जिलाधिकारियों के अनुसार, जनशिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण, बेहतर फीडबैक तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधारात्मक पहल के चलते जिलों को यह उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है।
9.58 अंक के साथ रामपुर पहले स्थान पर
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। इसमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन समेत कई पहलू शामिल हैं।
जुलाई माह में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की 59 योजनाओं की मॉनीटरिंग की गई, जिनमें से 56 कार्यक्रमों में रामपुर ने ए ग्रेड प्राप्त किया। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग, नियोजन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के कार्यक्रमों में जिले ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए ए श्रेणी प्राप्त की।
जुलाई की रैंकिंग में रामपुर को 10 में से 9.58 अंक मिले। इसके साथ ही जिले ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। रामपुर पिछले कई महीनों से सीएम डैशबोर्ड की टॉप-10 रैंकिंग में बना हुआ है।
9.43 अंक के साथ शाहजहांपुर दूसरे स्थान पर
शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शाहजहांपुर में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जुलाई की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने 9.43 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि बरेली 9.40 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
टॉप-10 में इन जिलों ने बनाई जगह
सीएम डैशबोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में अंबेडकरनगर 9.34 अंक के साथ चौथे, मैनपुरी 9.30 अंक के साथ पांचवें और आजमगढ़ 9.27 अंक के साथ छठे स्थान पर रहा।
इसी तरह महाराजगंज 9.25 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहा। बुलंदशहर और बागपत ने 9.23-9.23 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से आठवां स्थान प्राप्त किया।
लखीमपुर खीरी ने 9.20 अंक हासिल कर नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं सुल्तानपुर और सोनभद्र ने 9.18-9.18 अंक के साथ संयुक्त रूप से दसवें स्थान पर जगह बनाई।
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में जिलों का लगातार बेहतर प्रदर्शन प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, विकास योजनाओं की निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।

No Previous Comments found.