पंचायती राज विभाग ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विशेष कैलेंडर किया जारी

Panchayati Raj Department released a special calendar based on women empowerment.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 7 Jan, 2026 03:10 AM
पंचायती राज विभाग ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विशेष कैलेंडर किया जारी
 पंचायती राज विभाग की नई पहलः नारी शक्ति की नई उड़ान, गांव बदल रही महिला प्रधान

महिला सशक्तिकरण को नई दिशाः पंचायत स्तर पर सक्रिय भागीदारी पर जोर

महिलाओं को नेतृत्व में आगे लाने की पहल, पंचायती राज विभाग का विशेष कैलेंडर जारी

पंचायतों में सशक्त महिलाएं ही विकास की असली ताकत- पंचायती राज मंत्री

लखनऊ, (आईपीएन)। महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्राम पंचायतों में उनकी वास्तविक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विशेष कैलेंडर जारी किया गया है। यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि पंचायतों में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है।

कैलेंडर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि ग्राम पंचायतों में महिलाएं केवल नाम की प्रधान या प्रतिनिधि न रहें, बल्कि विकास कार्यों और निर्णय प्रक्रिया में उनकी सार्थक भागीदारी सुनिश्चित हो। यह पहल महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने, अपनी बात मजबूती से रखने और पंचायत संचालन में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।

यह कैलेंडर ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों एवं विभागीय कार्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों में महिलाओं की सहभागिता को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो सके। पंचायती राज विभाग का यह प्रयास ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया का अहम हिस्सा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 

 पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नारी शक्ति की नई उड़ान, गांव बदल रही महिला प्रधान केवल एक पहल नहीं, बल्कि मजबूत लोकतंत्र की नींव है। जब पंचायतों में महिलाएं सशक्त होंगी और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, तभी गांवों का समग्र विकास संभव होगा। यह कैलेंडर महिला हितैषी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

अमित कुमार सिंह, निदेशक पंचायती राज विभाग ने कहा कि यह कैलेंडर ग्राम पंचायतों के लिए एक प्रेरक एवं मार्गदर्शक दस्तावेज है, जो महिला हितैषी सोच को व्यवहार में उतारने में सहायक होगा। इसके माध्यम से पंचायतों को महिलाओं के सम्मान, सहभागिता और सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रेरणा मिलेगी।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.