12 वर्षों में 17 करोड़ से अधिक लोगों को मिला रोजगार, युवा बन रहे ‘जॉब क्रिएटर’: सीएम योगी
Over 17 crore people got employment in 12 years, youth are becoming 'job creators': CM Yogi
IPN Live
Lucknow, 10 Aug, 2026 05:49 AMसिद्धार्थनगर, (IPN)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिद्धार्थनगर में 311 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा अब ‘जॉब सीकर’ नहीं, बल्कि ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है। पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ से अधिक लोगों को नौकरियां और रोजगार मिले हैं।
सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है। देश में करीब 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे हैं। पीएम स्टार्टअप योजना, डिजिटल इंडिया, पीएम इंटर्नशिप और मिशन रोजगार जैसी योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
मेडिकल और उच्च शिक्षा में बढ़े अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 818 हो गई है। आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23 और आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है। वहीं, एमबीबीएस सीटें करीब 51 हजार से बढ़कर लगभग 1.28 लाख हो गई हैं।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के चलते पिछले 12 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
यूपी में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट और जेईई समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वर्चुअल और फिजिकल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों में एआई समेत नई तकनीकों की ट्रेनिंग दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार की ओर से स्नातक स्तर के छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में माफिया और अपराधियों का प्रभाव था, जबकि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के त्याग व बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों को किया नमन
9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक घटना का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद, राजेंद्र लाहिड़ी और शचींद्र नाथ बख्शी सहित क्रांतिकारियों को नमन किया।
सिद्धार्थनगर को विकास परियोजनाओं की सौगात
सीएम योगी ने सिद्धार्थनगर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में तेजी से काम हुआ है और पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 83 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल को जिले की पहचान बताते हुए कहा कि इसकी मांग बढ़ रही है। इसके लिए बड़े फैसिलिटेशन सेंटर को मंजूरी दी गई है। कपिलवस्तु में भगवान बुद्ध से जुड़े पर्यटन और आध्यात्मिक विकास को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की।

No Previous Comments found.