स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित और आत्मनिर्भर भारत की ताकत बनेंगे : मुख्यमंत्री योगी
Only the youth trained through Skill India will become the strength of a developed and self-reliant India in 2047: Chief Minister Yogi
IPN Live
Lucknow, 22 Nov, 2026 05:04 AMपीएम मोदी की मौजूदगी में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को सीएम योगी ने किया संबोधित, युवाओं को बताया विकसित भारत की आधारशिला
यूपी में 17 लाख से अधिक युवा प्रशिक्षित, सात लाख को कैंपस प्लेसमेंट से मिली नौकरी
2026 के रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक युवाओं को मिला रोजगार, 3400 दिव्यांग युवा भी शामिल
लखनऊ, 21 नवंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे। स्किल्ड मैनपावर विकसित भारत की आधारशिला है। जब देश आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा, तब हर चेहरे पर खुशहाली होगी और हर नारी स्वावलंबन के साथ समाज को नेतृत्व प्रदान कर रही होगी। युवाओं को रोजगार, अन्नदाता को आत्मनिर्भरता और श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी सहित सभी अतिथियों और युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने लखनऊ में इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार भी जताया।
प्रधानमंत्री ने युवाओं की हताशा और निराशा दूर की
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विज्ञान भवन में विश्व युवा कौशल दिवस पर स्किल इंडिया महाभियान का शुभारंभ किया था। इसके माध्यम से दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति यानी भारत के युवाओं की प्रतिभा को मंच देकर उनके मन की हताशा और निराशा दूर करने का प्रयास किया गया।
प्रधानमंत्री ने भारतीय मनीषा के उद्घोष 'अयोग्यो पुरुषो नास्ति, योजकस्तत्र दुर्लभः' को आगे बढ़ाया। इसका अर्थ है कि कोई व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और उसे अवसर देने वाले की होती है।
यूपी में 17 लाख से अधिक युवा प्रशिक्षित, सात लाख को नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। यहां सर्वाधिक युवा निवास करते हैं। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री के स्किल मिशन को तेजी से आगे बढ़ाया है। प्रदेश में युवाओं की प्रतिभा को मंच मिलने का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें सात लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सेलेक्शन के माध्यम से ही नौकरी हासिल करने में सफलता मिली है।
ग्रामीण कौशल योजना से 1.23 लाख युवाओं को रोजगार
सीएम योगी ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण दिया गया। इसके माध्यम से 1.23 लाख से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में जब दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, तब भारत राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर रहा था। इसमें परंपरागत पाठ्यक्रमों के साथ कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से प्रदेश के 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
टाटा टेक्नोलॉजी के साथ 150 से अधिक आईटीआई में नए पाठ्यक्रम
मुख्यमंत्री ने इमर्जिंग टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री 4.0 की जरूरतों के अनुरूप प्रदेश में तैयार हो रही युवा कार्यशक्ति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उद्योगों की मांग के अनुसार कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर 150 से अधिक आईटीआई में नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।
इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, थ्रीडी प्रिंटिंग और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े ट्रेड शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित 12 हजार से अधिक युवा कैंपस सेलेक्शन के जरिए बेहतर रोजगार हासिल कर रहे हैं।
रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2026 में प्रदेश में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी और निजी क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास का व्यापक नेटवर्क तैयार हुआ है। इन सभी संस्थानों को एकीकृत करने के लिए लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई है।
इस व्यवस्था के तहत एक ही छत के नीचे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप उद्योगों को प्रशिक्षित कार्यशक्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय और कपिल देव अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#SkillIndia #SkillDevelopment #DevelopedIndia2047 #YouthEmpowerment #Employment #YogiAdityanath #NarendraModi #UttarPradesh #UPNews #SkillMission #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.