छह महीने में एक लाख युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री
One lakh youths will be given government jobs in six months: Chief Minister
IPN Live
Lucknow, 26 Aug, 2026 03:37 AMकृषि विभाग में चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को योगी आदित्यनाथ ने सौंपे नियुक्ति पत्र
लखनऊ, 25 अगस्त (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी ढंग से सरकारी नौकरी दी है। अब सरकार अगले छह महीने के भीतर एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देने जा रही है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया और परिणाम की कार्रवाई चल रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में नवचयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि सरकार ने उन्हें पारदर्शी तरीके से नियुक्ति दी है, इसलिए वे भी प्रदेश, भावी पीढ़ी और देश के हित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन ही ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना है।
आयोगों और बोर्डों की पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के आयोग और बोर्ड बिना भेदभाव, आरक्षण नियमों का पालन करते हुए योग्यता और मेरिट के आधार पर चयन कर नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों के चयन से उनकी ऊर्जा का लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है।
उन्होंने आयोग और बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि सरकार की ओर से उन्हें पूरी स्वतंत्रता दी गई है, इसलिए नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। अधियाचन प्राप्त होने के छह महीने के भीतर परिणाम जारी किया जाना चाहिए। एक महीने में विज्ञापन और अगले दो महीने में परीक्षा कराने की दिशा में काम किया जाए तथा प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।
नौ साल में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि नियुक्तियों में पारदर्शिता और आरक्षण नियमों का पालन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कारण युवाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की और उनकी संपत्तियां जब्त कर वसूली की गई।
यूपी बोर्ड की परीक्षा और परिणाम में आया बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी बोर्ड की परीक्षाएं लंबे समय तक चलती थीं और परिणाम आने में भी कई महीने लग जाते थे। उन्होंने बताया कि आज यूपी बोर्ड के करीब 56 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा 14 दिन में पूरी होती है और अगले 14 दिनों में परिणाम जारी किया जाता है।
उन्होंने विश्वविद्यालयों को भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों की स्किलिंग, करियर और रोजगार की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करने के निर्देश दिए।
दुनिया के कई देश यूपी के युवाओं को दे रहे रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के युवाओं की मांग देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बढ़ी है। उन्होंने जापान, जर्मनी और इजराइल का उदाहरण देते हुए कहा कि इन देशों में यूपी के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने हाल में यूपी आए जापान के प्रतिनिधिमंडल का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान के प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश के युवाओं को वहां रोजगार देने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इजराइल में भी उत्तर प्रदेश के करीब 5,000 युवा काम कर रहे हैं।
2017 से पहले खेतों से मोटर चोरी कराते थे सरकार के लोग : मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले किसान खेत में जाने से डरता था क्योंकि उसकी मोटर चोरी हो जाती थी। अब चोरी करने वालों को पता है कि ऐसा करने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकार से जुड़े लोग ही मोटर चोरी कराते थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को बिजली की उपलब्धता बढ़ी है। सरकार ने 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल के करीब 3,000 करोड़ रुपये के बिजली बिल को माफ किया है। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ प्रभावी ढंग से मिला है।
बंद चीनी मिलों को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 से 2017 के बीच सपा-बसपा सरकारों के कार्यकाल में 29 चीनी मिलें बंद हुईं और 21 मिलों को कम कीमत पर बेचा गया। उन्होंने गोरखपुर मंडल की एक चीनी मिल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिसे तीन करोड़ रुपये में बेचा गया, उसके स्क्रैप की कीमत ही करीब 10 करोड़ रुपये थी।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और गन्ना किसानों के हित में लगातार काम किया जा रहा है।
कृषि विकास दर को 30 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश ने कृषि विकास दर को 8 फीसदी से बढ़ाकर 18 फीसदी किया है और अब इसे 30 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य रखा जा सकता है।
उन्होंने बेहतर गुणवत्ता वाले बीजों की उपलब्धता पर जोर देते हुए बताया कि लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क का काम शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 3.25 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
किसानों को समय पर राहत और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014-15 में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए केंद्र से मिली राहत राशि का वितरण 2017 तक नहीं हो सका था। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सरकार ने किसानों को यह राशि वितरित की।
उन्होंने कहा कि अब मानव-वन्यजीव संघर्ष, सर्पदंश और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं में किसान, बटाईदार और उनके परिवार को 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सिंचाई का दायरा भी बढ़ाया है। बाणसागर परियोजना से ढाई लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिल रही है। अर्जुन सहायक परियोजना और सरयू राष्ट्रीय नहर परियोजना से भी किसानों को व्यापक लाभ मिला है।
मंडी सचिव किसानों के हित में करें काम
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मंडी सचिवों से कहा कि मंडियों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाया जाए। किसानों को बुनियादी सुविधाएं और सम्मान मिले तथा मंडी समितियों की सड़कों और शेड का समय से निर्माण और रखरखाव हो।
उन्होंने किसानों की उपज की उचित खरीद और एमएसपी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मंडियों को ई-नाम से जोड़ने की कार्रवाई तेज करने को कहा। उन्होंने ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर और आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों को जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर भी जोर दिया।
यूपी में चीनी का पर्याप्त भंडार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में करीब चार लाख टन की मासिक खपत के मुकाबले 28 लाख टन चीनी का भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से चीनी मिलों के संचालन के बाद करीब 90 लाख टन अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, कृषि निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#ipnlive #ipnnews #ipn #UttarPradesh #YogiAdityanath #MissionRozgar #GovernmentJobs #Employment #Agriculture #Farmers #UPNews #Lucknow

No Previous Comments found.