24 नवंबर को 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, 2,100 ड्रोन आसमान में रचेंगे भगवान शिव और मां गंगा की दिव्य छवि

On November 24th, Kashi will be illuminated with 1.1 million lamps, and 2,100 drones will create divine images of Lord Shiva and Mother Ganga in the sky.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 18 Nov, 2026 10:08 AM
24 नवंबर को 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, 2,100 ड्रोन आसमान में रचेंगे भगवान शिव और मां गंगा की दिव्य छवि

योगी सरकार में देव दीपावली को मिला वैश्विक मंच, 88 घाटों और 103 कुंडों पर होगा भव्य दीपोत्सव

लेजर शो, 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और ग्रीन आतिशबाजी से सजेगी देवाधिदेव महादेव की नगरी, देश-विदेश से उमड़ेगा श्रद्धालुओं और पर्यटकों का सैलाब

वाराणसी, 18 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति की प्राचीन नगरी काशी एक बार फिर अपनी अलौकिक छटा से दुनिया को आकर्षित करने जा रही है। 24 नवंबर को आयोजित होने वाली देव दीपावली पर गंगा के अर्धचंद्राकार घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस बार दीपोत्सव की भव्यता के साथ आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम भी देखने को मिलेगा। 2,100 स्वदेशी ड्रोन काशी के आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दिव्य प्रसंगों को साकार करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों के बीच देव दीपावली अब वैश्विक पर्यटन का प्रमुख आकर्षण बन चुकी है। योगी सरकार द्वारा इसे प्रांतीय मेला घोषित किए जाने के बाद आयोजन का स्वरूप लगातार विस्तृत हुआ है। वर्ष 2017 के बाद से इसकी भव्यता में निरंतर वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

11 लाख दीपों से रोशन होंगे घाट, कुंड और गंगा पार का रेतीला क्षेत्र

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार इस बार सरकार और जनसहभागिता से 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें लगभग 10 लाख मिट्टी के और एक लाख गोबर से बने दीप होंगे। इनके लिए करीब 22 लाख बातियों और 1,800 टिन शुद्ध सरसों के तेल की व्यवस्था की जाएगी। एक साथ प्रज्ज्वलित होने वाले दीप करीब तीन से चार घंटे तक काशी को रोशन रखेंगे।

गंगा के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता से पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। गंगा पार रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

आठ प्रमुख घाटों पर होगी भव्य गंगा आरती

देव दीपावली की शाम काशी के आठ प्रमुख घाटों पर विशेष गंगा आरती का आयोजन होगा। इनमें नमो घाट, गाय घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, केदार घाट, तुलसी घाट और अस्सी घाट शामिल हैं। घाटों के साथ प्रमुख चौराहों, मार्गों, सरकारी कार्यालयों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया जाएगा।

2,100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी शिव और गंगा की दिव्य गाथा

इस बार के आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो होगा। लगभग 15 मिनट की इस प्रस्तुति में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन के जरिए भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी।

लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी से बढ़ेगी भव्यता

आयोजन में 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का भी प्रस्ताव है। इसके लिए शाम 7:20 से 7:45 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। दशाश्वमेध अथवा अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में रात 8 से 8:15 बजे तक ड्रोन शो आयोजित करने की योजना है। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट की ग्रीन आतिशबाजी का प्रस्ताव है।

दीपों की रोशनी, गंगा आरती, शिवमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आधुनिक तकनीक के संगम से 24 नवंबर की शाम काशी के लिए विशेष आकर्षण लेकर आएगी। देव दीपावली का यह आयोजन भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को एक साथ वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा।

#DevDeepawali2026 #Kashi #Varanasi #YogiAdityanath #UPTourism #ShriKashiVishwanath #GangaAarti #DroneShow #2100Drones #IndianCulture #SpiritualTourism #UttarPradesh #काशी #देवदीपावली #योगीसरकार #गंगाआरती #आईपीएन #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.