ODOP से वैश्विक बाजार तक पहुंचा यूपी का हुनर, निर्यात पहली बार ₹2 लाख करोड़ के पार : डॉ. राजेश्वर सिंह
ODOP takes UP's skills to the global market, exports cross ₹2 lakh crore for the first time: Dr. Rajeshwar Singh
IPN Live
Lucknow, 28 Nov, 2026 03:13 AMलखनऊ, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2018 में शुरू हुई ‘एक जनपद–एक उत्पाद’ (ODOP) योजना उत्तर प्रदेश के पारंपरिक कारीगरों के हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन रही है। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस योजना ने पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर कारीगरों को सम्मान, पहचान और नए अवसर दिए हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लखनऊ की चिकनकारी, बनारस की साड़ियां, भदोही के कालीन और फिरोजाबाद की चूड़ियां उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों की पीढ़ियों की मेहनत का प्रतीक हैं। ODOP ने इसी पारंपरिक हुनर को वैश्विक बाजार से जोड़कर प्रदेश की आर्थिक क्षमता को नई दिशा दी है।
निर्यात में ऐतिहासिक उपलब्धि, ODOP और MSMEs का बड़ा योगदान
डॉ. सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश का निर्यात लगभग 84,283 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में पहली बार बढ़कर 2.01 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है। यह दो गुने से भी अधिक की वृद्धि है। वहीं, ODOP उत्पादों का निर्यात वर्ष 2017 के लगभग 58 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 93 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। प्रदेश के कुल निर्यात में लगभग आधा योगदान ODOP उत्पादों और स्थानीय MSMEs का है।
उन्होंने कहा कि ये आंकड़े केवल आर्थिक प्रगति नहीं दर्शाते, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका, बच्चों की शिक्षा और कारीगरों के आत्मसम्मान से जुड़े हैं। पहले जिन कारीगरों को अपना पारंपरिक हुनर छोड़कर मजदूरी के लिए पलायन करना पड़ता था, आज उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान मिल रही है।
1.31 लाख से अधिक कारीगरों को प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ODOP के तहत 1.31 लाख से अधिक कारीगरों को प्रतिदिन 200 रुपये मानदेय के साथ निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही 20 हजार रुपये तक की आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराई गई है। मार्जिन मनी योजना के अंतर्गत 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इस योजना में नया कारोबार शुरू करने अथवा पुराने कारोबार का विस्तार करने के लिए परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत तक, अधिकतम 20 लाख रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि पहले कारीगरों के पास हुनर और मेहनत तो थी, लेकिन पूंजी और बाजार की कमी थी। अब प्रशिक्षण, आधुनिक औजार, बैंक ऋण और वैश्विक खरीदारों तक पहुंच के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
79 GI टैग के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर
डॉ. सिंह ने कहा कि 79 जीआई टैग उत्पादों के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। लगभग 152 अन्य उत्पादों को भी जीआई टैग दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में ब्रिक्स देशों को उत्तर प्रदेश से 5.36 अरब डॉलर से अधिक का निर्यात हुआ।
उन्होंने कहा कि जीआई टैग केवल किसी उत्पाद की पहचान नहीं, बल्कि उसकी विशिष्ट भौगोलिक विरासत, पारंपरिक कला और गुणवत्ता की वैश्विक मान्यता है। यह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर पर दुनिया की मुहर है।
ODOP मॉडल बना देश के लिए निर्यात विकास का उदाहरण
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का ODOP मॉडल अब ‘डिस्ट्रिक्ट्स एज एक्सपोर्ट हब्स’ के रूप में देशभर में अपनाया जा रहा है। मार्च 2026 तक देश के 590 जिलों के लिए एक्सपोर्ट एक्शन प्लान तैयार हो चुके हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रहा है।
लखनऊ की चिकनकारी को वैश्विक पहचान दिलाने का आह्वान
डॉ. सिंह ने कहा कि लखनऊ की चिकनकारी महज कढ़ाई नहीं, बल्कि नवाबी तहजीब और हजारों महिलाओं के स्वावलंबन की जीवंत कहानी है। उन्होंने लखनऊ और विशेष रूप से सरोजनीनगर के कारीगरों तथा महिला शिल्पकारों से ODOP के प्रशिक्षण, टूलकिट और मार्जिन मनी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस दिशा में उनका कार्यालय हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से त्योहारों, उपहारों और दैनिक जीवन में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि जब हम बनारसी साड़ी, भदोही का कालीन या लखनऊ की चिकनकारी खरीदते हैं, तो केवल कोई वस्तु नहीं खरीदते, बल्कि किसी कारीगर के परिवार की आजीविका और उम्मीदों को मजबूती देते हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आर्थिक सामर्थ्य और स्थानीय हुनर को वैश्विक पहचान में बदल रहा है। ODOP इसी परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।
#ODOP #OneDistrictOneProduct #UttarPradesh #RajeshwarSingh #UPExports #MakeInIndia #VocalForLocal #MSME #GI_Tag #LucknowChikankari #LocalToGlobal #Artisans #EconomicGrowth #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.