गांधी के स्वच्छता संदेश को मोदी ने जनचेतना का रूप दिया : ए.के. शर्मा
Modi has transformed Gandhi's message of cleanliness into public awareness: A.K. Sharma
IPN Live
Lucknow, 2 Oct, 2026 07:50 PMलखनऊ, 02 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड स्थित रघुवर मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता के बड़े पक्षधर थे और उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को जनआंदोलन और जनचेतना का रूप देकर गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि आज देशभर के स्वच्छताकर्मी गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संकल्प को साकार करने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के लोगो से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगो में महात्मा गांधी के चश्मे को प्रतीक के रूप में शामिल किया गया और उसके दोनों खानों में ‘स्वच्छ भारत’ संदेश दिया गया।
स्वच्छताकर्मियों की मेहनत से लखनऊ को मिली उपलब्धि
मंत्री ने कहा कि स्वच्छताकर्मियों के परिश्रम और समर्पण का परिणाम है कि लखनऊ ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान और वायु स्वच्छता के क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम या किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि सफाई मित्रों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लखनऊ के नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
उन्होंने सफाई मित्रों की सेवाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के अनुसार स्वच्छताकर्मियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।
कार्यक्रम में मंत्री ने सफाई मित्रों से संवाद कर उनके कार्यों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छताकर्मियों को टूलकिट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देश और समाज के लिए प्रेरणादायी है। गांधी ने स्वच्छता, सत्य और सेवा का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए।
कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव को किया नमन
इसके बाद नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुंशी पुलिया स्थित पार्क पहुंचकर कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत श्रमदान किया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े विषय हैं। स्वच्छ शहर और स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, पूर्व पार्षद रामकुमार वर्मा, वर्तमान पार्षद कल्पना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में स्वच्छताकर्मी मौजूद रहे।
#ipnlive #ipnnews #ipn #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #GandhiJayanti #LalBahadurShastri #AKSharma #Lucknow #SwachhBharat #SwachhataHiSeva #CleanLucknow

No Previous Comments found.