मिशन शक्ति 6.0 : अपनों ने छोड़ा बेसहारा, खाकी बनी सहारा

Mission Shakti 6.0: Left helpless by loved ones, khaki becomes a support

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 16 Oct, 2026 01:17 AM
मिशन शक्ति 6.0 : अपनों ने छोड़ा बेसहारा, खाकी बनी सहारा

त्योहारों पर नारी संरक्षण गृहों में बांटी खुशियां, आगरा की बुजुर्ग महिला की कहानी ने सबको भावुक किया

लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेशभर में 11 से 20 अक्टूबर तक मिशन शक्ति अभियान 6.0 चलाया जा रहा है। इस बार अभियान की थीम "अपनों ने छोड़ा बेसहारा, खाकी बनी सहारा" रखी गई है।

अभियान के तहत 14 अक्टूबर को प्रदेश के सभी कमिश्नरेट एवं जिलों में राजपत्रित अधिकारियों ने नारी संरक्षण गृहों और आश्रय गृहों में रह रही निराश्रित महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ दशहरा और दीपावली की खुशियां साझा कीं। अधिकारियों द्वारा त्योहारी सामग्री, खाद्य सामग्री, साड़ियां, कंबल तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के लगभग 22 हजार पैकेट वितरित किए गए। प्रदेश के 314 नारी संरक्षण एवं आश्रय गृहों में रह रही 12,870 महिलाओं और बालिकाओं को इसका लाभ मिला।

इसी क्रम में आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में एक बुजुर्ग महिला की मार्मिक कहानी ने सभी को भावुक कर दिया। महिला ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं, लेकिन तीनों ने उन्हें घर से निकाल दिया। वह किराये के एक कमरे में कई दिनों तक भूखी-प्यासी रहने को मजबूर थीं। पड़ोस के एक स्कूली बच्चे ने उनकी हालत देखकर चुपचाप अपना टिफिन देना शुरू कर दिया। जब बच्चे की मां को इसकी जानकारी हुई तो वह बुजुर्ग महिला को वृद्धाश्रम ले आईं। बुजुर्ग महिला पिछले 15 वर्षों से वहीं रह रही हैं। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर उनकी आंखें नम हो गईं।

मिशन शक्ति के तहत मंदिरों और पूजा पंडालों में 18,866 महिला चौपालों का आयोजन किया गया, जहां 7,05,167 कल्याणकारी योजनाओं के पंपलेट वितरित किए गए। वहीं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 2,20,281 वाहनों की जांच की गई। 4,287 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई गई तथा करीब 22 हजार वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

एंटी रोमियो स्क्वॉड ने 29,907 स्थानों पर अभियान चलाकर 2,73,935 लोगों की जांच की। इस दौरान 383 मुकदमे दर्ज किए गए, 415 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 1,05,524 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।

गुजारा भत्ता और घरेलू विवादों से संबंधित न्यायालय से प्राप्त 29,026 समनों की तामील कराई गई। ग्राम पंचायतों और वार्डों में आयोजित 13,086 चौपालों में 5.18 लाख लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि 4.44 लाख प्रचार सामग्री वितरित की गई। मौके पर प्राप्त 21,056 प्रार्थना पत्रों में से 2,085 का निस्तारण किया गया, 98 लोगों की गिरफ्तारी हुई तथा 1,860 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर

#MissionShakti60 #मिशन_शक्ति #UPPolice #महिला_सुरक्षा #नारी_सशक्तिकरण #लखनऊ #आगरा #उत्तरप्रदेश #IPN #एअहमदसौदागर #WomenSafety #MissionShaktiCampaign

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.