संत रविदास मंदिर के जीर्णोद्धार का शिलान्यास करेंगे मंत्री ए.के. शर्मा
Minister A.K. Sharma will lay the foundation stone for the renovation of Sant Ravidas Temple.
IPN Live
Lucknow, 13 Aug, 2026 08:07 PMदोहरीघाट में ₹1.82 करोड़ की लागत से होगा मंदिर का जीर्णोद्धार, समरसता संकल्प अभियान में भी लेंगे भाग
संत रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
लखनऊ, 13 अगस्त 2026 (आईपीएन)। संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा शुक्रवार, 14 अगस्त को मऊ के दोहरीघाट का दौरा करेंगे। इस दौरान वह संत रविदास जी मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास करेंगे और समरसता संकल्प अभियान में भी शामिल होंगे।
दोहरीघाट स्थित संत रविदास जी मंदिर का जीर्णोद्धार नगर विकास विभाग की वंदन योजना के तहत कराया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 1 करोड़ 82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जीर्णोद्धार के बाद मंदिर को बेहतर एवं सुव्यवस्थित स्वरूप मिलने के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में भी विस्तार होगा।
समानता और मानवता का संदेश देते हैं संत रविदास
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संत रविदास जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, उत्थान और सहभागिता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 650वीं जयंती का अवसर संत रविदास जी के जीवन और कृतित्व को स्मरण करने के साथ उनके समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को आत्मसात करने का भी अवसर है।
धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि वंदन योजना के माध्यम से ऐसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ श्रद्धालुओं और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
समरसता संकल्प अभियान से मजबूत होगा भाईचारा
ए.के. शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी सामाजिक समानता और समरस समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
सरकार का प्रयास है कि संत रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ उनके जीवन और विचारों से जुड़ी विरासत को संरक्षित किया जाए।
#SantRavidas #SantRavidasJayanti #RavidasJayanti #RavidasMandir #Mau #Dohrighat #AKSharma #VandanYojana #SamrastaSankalp #SamajikSamrasta #SocialHarmony #SocialJustice #Equality #YogiAdityanath #UttarPradesh #UPNews #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.