लखनऊ में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्ती, महापौर ने दिए कड़े निर्देश

Mayor issues strict instructions to improve waste management system in Lucknow

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 9 Apr, 2026 12:52 PM
लखनऊ में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्ती, महापौर ने दिए कड़े निर्देश

लखनऊ, (IPN)। शहर में कूड़े के उठान से लेकर उसके निस्तारण तक की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की, जिसमें नगर आयुक्त गौरव कुमार भी उपस्थित रहे। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुई व्यापक चर्चा*

बैठक में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह समेत नगर स्वास्थ्य अधिकारी पीके श्रीवास्तव, सभी जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी, एसएफआई, लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए), लायन एनवायरो (एलएसजी) और नगर अभियंता जलकल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्यों को तेज करने पर जोर दिया गया।

*डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर महापौर ने जताई नाराजगी*

महापौर ने जोनवार समीक्षा करते हुए सभी जोनल सेनेटरी अधिकारियों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कूड़ा समय से नहीं उठने और कूड़ा घरों में कचरा जमा रहने की शिकायतों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब गाड़ियां क्षेत्रों में जा रही हैं, तो फिर घरों से कूड़ा क्यों नहीं उठ रहा और शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर क्यों दिखाई दे रहे हैं।

*रोजाना मॉनिटरिंग और लोकेशन ट्रैकिंग के निर्देश*

महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब प्रतिदिन सुबह कंट्रोल रूम से सभी जोनल अधिकारियों और सेनेटरी अधिकारियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपनी लोकेशन साझा करनी होगी। यदि कोई भी अधिकारी पांच मिनट से अधिक समय तक लोकेशन भेजने में देरी करता है, तो उसके खिलाफ एक दिन के वेतन की कटौती की जाएगी।

*सुबह 6 बजे फील्ड निरीक्षण अनिवार्य*

महापौर ने समस्त अपर नगर आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह 6 बजे अपने-अपने जोन में अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें और सफाई व्यवस्था के कार्यों की मौके पर निगरानी करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर निरीक्षण से ही वास्तविक स्थिति का आकलन संभव है और इससे कार्यों में सुधार भी सुनिश्चित होगा।

*कूड़ा डंप मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई*

महापौर ने कहा कि जिन वार्डों में पड़ाव घर बन चुके हैं, वहां यदि किसी अन्य स्थान पर कूड़ा डंप पाया जाता है, तो संबंधित जोनल अधिकारी और जोनल सेनेटरी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, लखनऊ स्वच्छता अभियान और लायन एनवायरो को निर्देश दिए गए कि सभी अधूरे पड़ाव घर 30 अप्रैल तक पूर्ण कर लिए जाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

*अवैध ठेलियों पर सख्ती और एफआईआर के निर्देश*

महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक जोनल अधिकारी और सेनेटरी अधिकारी की जिम्मेदारी है कि उनके क्षेत्र में कोई भी अवैध ठेलिया संचालित न हो। यदि ऐसी गतिविधि पाई जाती है, तो तत्काल ठेलिया जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।

*लापरवाह कार्यदायी संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश*

बैठक में महापौर ने कार्यदायी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्था कार्य में लापरवाही बरतती है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

*सीएनडी वेस्ट के निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश*

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं भी सीएनडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) दिखाई देता है, तो उसकी फोटो खींचकर संबंधित नगर अभियंता को भेजी जाए। साथ ही, वह फोटो महापौर और नगर आयुक्त को भी भेजी जाए, ताकि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.