मऊ को 5.31 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया लोकार्पण

Mau receives development projects worth Rs 5.31 crore, inaugurated by Minister A.K. Sharma

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 1 Nov, 2026 03:53 PM
मऊ को 5.31 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया लोकार्पण

मड़ैया घाट, विसर्जन घाट और रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण, कहा- घाटों का विकास आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास

लखनऊ, 1 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में 531.50 लाख रुपये की लागत से तैयार तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें मड़ैया घाट और विसर्जन घाट का नवनिर्माण तथा रामलीला मैदान में इंटरलॉकिंग एवं सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपने पांच वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने प्रस्तुत करते हुए विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मऊ को विकास के नए मॉडल के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है और जनता के सहयोग से जनपद की तस्वीर लगातार बदल रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता को अपने कार्यों का हिसाब दे। इसी भावना के तहत उन्होंने अपने पांच वर्षों के विकास कार्यों का विवरण पुस्तिका के माध्यम से सार्वजनिक किया, जिसे डिजिटल माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा।

### 531.50 लाख की तीन प्रमुख परियोजनाएं

मंत्री ने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें शामिल हैं—

* 260.27 लाख रुपये से मड़ैया घाट का नवनिर्माण।

* 247.42 लाख रुपये से मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत विसर्जन घाट का निर्माण।

* 23.81 लाख रुपये से रामलीला मैदान में इंटरलॉकिंग एवं सौंदर्यीकरण कार्य।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से मऊ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

### महादेव घाट को बताया विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल

ए.के. शर्मा ने कहा कि उन्होंने करीब 50 देशों के पर्यटन स्थलों को देखा है, लेकिन मऊ महादेव घाट आज एक विशिष्ट और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से जनसहयोग और सीएसआर के माध्यम से विकसित इस घाट पर किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिखा गया, क्योंकि यह पूरे मऊ की सामूहिक विरासत का प्रतीक है।

### विकास के साथ सांस्कृतिक चेतना भी जरूरी

मंत्री ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि वहां के लोगों की सोच, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना से बनती है। इसी उद्देश्य से विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, ताकि लोग अपनी परंपराओं और धार्मिक आस्था से जुड़े रहें।

### सांस्कृतिक संध्या में बिखरी ब्रज और लोक संस्कृति की छटा

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अलका पहाड़िया की टीम ने छठ गीतों सहित कई मधुर प्रस्तुतियां दीं। वहीं मथुरा से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण नृत्य और फूलों की होली की प्रस्तुति देकर ब्रज संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की। कार्यक्रम का संचालन विनीता जौहरी ने किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

#मऊ #AKSharma #नगरविकास #घाटविकास #रामलीलामैदान #उत्तरप्रदेश #विकास #Mau #UttarPradesh #Development #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.