MR-LINAC तकनीक से कैंसर उपचार होगा और अधिक सटीक, कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान आयोजित

MR-LINAC technology will make cancer treatment more precise, International lecture organised at Kalyan Singh Cancer Institute

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 28 Nov, 2026 01:33 AM
MR-LINAC तकनीक से कैंसर उपचार होगा और अधिक सटीक, कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान आयोजित

लखनऊ, 28 नवंबर 2026 (आईपीएन)। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत MR-LINAC तकनीक पर विशेष अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त रेडिएशन ऑन्कोलॉजी फिजिसिस्ट डॉ. इंद्रा जे. दास ने ‘Introduction and Role of MR-LINAC in Advanced Adaptive Radiation Therapy’ विषय पर व्याख्यान दिया।


इस शैक्षणिक कार्यक्रम में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) सहित लखनऊ के अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों और निजी कॉरपोरेट अस्पतालों के 150 से अधिक रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट, मेडिकल फिजिसिस्ट, रेडियोथेरेपी एवं रेडियोलॉजी तकनीशियनों तथा नर्सिंग अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।


MRI और रेडिएशन थेरेपी का आधुनिक संयोजन है MR-LINAC


अपने व्याख्यान में डॉ. दास ने MR-LINAC तकनीक की कार्यप्रणाली, आधुनिक कैंसर उपचार में इसकी भूमिका और उन्नत अनुकूलनशील विकिरण चिकित्सा में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि MR-LINAC एक अत्याधुनिक तकनीक है, जिसमें मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI) और रेडिएशन थेरेपी का संयोजन किया गया है। यह तकनीक उपचार के दौरान ट्यूमर और उसके आसपास स्थित सामान्य अंगों की स्थिति की निरंतर निगरानी करते हुए अधिक सटीकता के साथ विकिरण देने में सहायक होती है। इससे मरीज की बदलती शारीरिक स्थिति के अनुसार उपचार को अनुकूलित करना संभव होता है।


इस अवसर पर डॉ. इंद्रा जे. दास ने अपनी लिखी हुई दो पुस्तकें संस्थान को भेंट कीं। इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान बताया गया।


आधुनिक कैंसर चिकित्सा में नवीन तकनीकों का विशेष महत्व : प्रो. एमएलबी भट्ट


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट ने कहा कि आधुनिक कैंसर चिकित्सा में नवीनतम तकनीकों और वैज्ञानिक अनुसंधान का विशेष महत्व है। इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को वैश्विक स्तर पर हो रहे नवीनतम विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।


कार्यक्रम में SGPGIMS के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शालीन कुमार तथा RMLIMS के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डीन एवं प्रोफेसर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग ने किया। आयोजन संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट के मार्गदर्शन तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शरद सिंह के सहयोग से किया गया। इसमें प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता तथा मेडिकल फिजिसिस्ट एवं रेडियोलॉजिकल सेफ्टी ऑफिसर रगुल टी. की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक (MS) डॉ. वरुण विजय, कार्यकारी रजिस्ट्रार (ER) डॉ. आयुष लोहिया सहित संस्थान के अन्य संकाय सदस्य, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के रेजिडेंट चिकित्सक, तकनीशियन एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों ने आधुनिक विकिरण चिकित्सा की नवीनतम तकनीकों पर विचार-विमर्श किया तथा अपने अनुभवों और जिज्ञासाओं को साझा किया।


#MRLINAC #CancerTreatment #RadiationOncology #AdvancedRadiotherapy #CancerResearch #MedicalTechnology #Lucknow #KGMU #SGPGIMS #RMLIMS #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.