स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ देश में नंबर-1, वार्ड-70 भी बना सर्वश्रेष्ठ
Lucknow ranks first in the country in the Clean Air Survey 2026, with Ward 70 also the best.
IPN Live
Lucknow, 8 Sep, 2026 01:21 AMमहापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दिल्ली में ग्रहण किया सम्मान, लखनऊ को 1.50 करोड़ और वार्ड-70 को 50 लाख रुपये का पुरस्कार
लखनऊ, 8 सितंबर (आईपीएन)। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के इंदिरा पर्यावरण भवन स्थित गंगा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ को सिटी लेवल स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के तहत नेशनल लेवल बेस्ट परफॉर्मिंग सिटीज में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी कार्यक्रम में लखनऊ नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड संख्या 70 को भी 30 हजार से अधिक जनसंख्या वाले वार्डों की श्रेणी में देश का सर्वश्रेष्ठ वार्ड चुना गया।
### लखनऊ को 1.50 करोड़, वार्ड-70 को 50 लाख का पुरस्कार
लखनऊ को नेशनल क्लीन एयर सिटी रैंक-1, कैटेगरी-1 के तहत 1 करोड़ 50 लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, वार्ड-70 को नेशनल बेस्ट परफॉर्मिंग वार्ड रैंक-1, कैटेगरी-1 के लिए 50 लाख रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार ग्रहण करने के लिए मंच पर महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव तथा पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान उपस्थित रहे।
### प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों से मिली सफलता
नगर निगम के अनुसार, यह उपलब्धि वायु प्रदूषण कम करने और शहर की हवा को स्वच्छ बनाने के लिए किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम है। इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल, सड़क की धूल कम करने, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, हरियाली बढ़ाने और यातायात व्यवस्था में सुधार जैसे क्षेत्रों में नगर निगम ने व्यापक कार्य किए हैं।
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए करीब 1,100 इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग किया जा रहा है। इनमें संकरी गलियों के लिए छोटे ई-ऑटो टिपर भी शामिल हैं। वाहनों की निगरानी जीपीएस के माध्यम से की जाती है और इसके लिए अलग कंट्रोल कमांड सेंटर बनाया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 12 चार्जिंग स्टेशन और 916 चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था भी की गई है।
### सड़क की धूल और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर
शहर में सड़क की धूल और प्रदूषण कम करने के लिए 97 इलेक्ट्रिक मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। प्रमुख सड़कों की सफाई के साथ पानी का छिड़काव भी किया जाता है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा 559.85 किलोमीटर सड़कों को एंड-टू-एंड पक्का किया गया है।
कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में 2,550 टीपीडी क्षमता के माध्यम से 100 प्रतिशत वैज्ञानिक कचरा प्रसंस्करण की व्यवस्था की गई है और ताजा कचरे की डंपिंग बंद की गई है। कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशनों के कारण कचरा ढोने वाले वाहनों के अनावश्यक चक्कर भी कम हुए हैं। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 240 चक्कर लगते थे, वहीं अब यह संख्या करीब 150 रह गई है।
निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के निस्तारण के लिए अलग संग्रह केंद्र और 300 टीपीडी क्षमता का सी एंड डी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट भी संचालित किया जा रहा है।
### हरियाली, ई-बस और यातायात सुधार को भी बढ़ावा
लखनऊ में वर्टिकल गार्डन, सड़क किनारे और नदी किनारे हरित क्षेत्र विकसित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा मियावाकी पद्धति से पौधरोपण भी किया गया। यातायात जाम कम करने के लिए फ्लाईओवर निर्माण और सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्यों पर विभिन्न विभागों के साथ मिलकर काम किया गया है। शहर में 140 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा दे रहा है।
इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों और वाहनों की फिटनेस को लेकर जागरूकता अभियान, रूफटॉप सोलर को बढ़ावा, स्वच्छ ईंधन की पहुंच, औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण, नालों की सफाई तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई जैसे कार्य भी किए गए हैं।
### महापौर ने मुख्यमंत्री, मंत्री और जनता का जताया आभार
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ को प्रथम स्थान मिलना पूरे शहर के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग को दिया।
उन्होंने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि लखनऊ की पूरी जनता की है। शहरवासियों के सहयोग और जागरूकता के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
उन्होंने नगर निगम के सभी पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास, मेहनत और समर्पण के कारण लखनऊ राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल हुआ है। नगर निगम आगे भी टीम भावना के साथ लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर, हरित और बेहतर शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #Lucknow #SwachhVayuSarvekshan2026 #CleanAirSurvey #LucknowMunicipalCorporation #SushmaKharkwal #GauravKumar #Ward70 #CleanAir #AirPollution #SwachhBharat #UPNews #LucknowNews

No Previous Comments found.