Lucknow News : नगर निगम में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ आयोजित, 191 शिकायतों का हुआ निस्तारण

Lucknow News: 'Sampoorna Samadhan Diwas' organised in the Municipal Corporation, 191 complaints resolved

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 11 Apr, 2026 02:17 AM
Lucknow News : नगर निगम में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ आयोजित, 191 शिकायतों का हुआ निस्तारण

लखनऊ, (IPN)। नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में शुक्रवार को ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, विनय कुमार राय समेत समस्त जोनल अधिकारी एवं सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

*कुल 191 शिकायतें प्राप्त, गृहकर-जलकर पर विशेष फोकस*

समाधान दिवस में कुल 191 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें गृहकर एवं जलकर से संबंधित आपत्तियों की संख्या प्रमुख रही। जोनवार प्राप्त गृहकर/जलकर आपत्तियों में जोन-1 से 23, जोन-2 से 3, जोन-3 से 14, जोन-4 से 8, जोन-5 से 7, जोन-6 से 11, जोन-7 से 15 तथा जोन-8 से 4 शिकायतें दर्ज की गईं। इस प्रकार कुल 85 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इसके अतिरिक्त जलकल विभाग से 8 एवं अन्य विभागों से 98 शिकायतें प्राप्त हुईं।

*मौके पर ही निस्तारण के दिए गए निर्देश*

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से गृहकर, जलकर, जीआईएस सर्वे से संबंधित आपत्तियों, सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, सीवर एवं जल निकासी, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान भी कराया गया।

*अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर*

महापौर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने भी सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बनाए रखें।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.