लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने संभाली सूर्य कमान की कमान
Lieutenant General Sanjay Mitra assumed command of the Surya Command
IPN Live
Lucknow, 2 Oct, 2026 11:24 AMलखनऊ, 1 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा, एवीएसएम ने गुरुवार को लखनऊ में भारतीय सेना की सूर्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) का पदभार संभाला।
कमान संभालने के बाद आर्मी कमांडर ने लखनऊ स्थित स्मृतिका वॉर मेमोरियल पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके बाद उन्होंने आयोजित औपचारिक परेड में 'गार्ड ऑफ ऑनर' का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने ऑपरेशनल तैयारी के उच्चतम मानकों को बनाए रखने, रणनीतिक प्रतिक्रिया क्षमता को बढ़ाने तथा पूरे थिएटर में मल्टी-डोमेन क्षमताओं को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने सूर्य कमान के सभी रैंकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों, रक्षा नागरिक कर्मचारियों और उनके परिवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा को 10 जून 1989 को इंडियन मिलिट्री एकेडमी से ग्रेनेडियर्स में कमीशन मिला था। तीन दशकों से अधिक लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर सेवाएं दी हैं। उन्होंने एक इन्फैंट्री बटालियन, इन्फैंट्री ब्रिगेड और इन्फैंट्री डिवीजन की कमान संभाली।
उन्होंने कमांडो स्कूल, बेलगाम में इंस्ट्रक्टर और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन में चीफ इंस्ट्रक्टर (आर्मी) के रूप में भी सेवाएं दीं। इसके अलावा वे नेशनल सिक्योरिटी गार्ड में स्क्वाड्रन कमांडर तथा आर्मी वॉर कॉलेज की फैकल्टी ऑफ स्टडीज में कर्नल जनरल स्टाफ के पद पर भी रहे।
लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर पदोन्नति के बाद 9 जून 2023 को उन्होंने 1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) का कार्यभार संभाला और 17 जून 2025 को यह जिम्मेदारी पूरी की। इसके बाद उन्होंने आर्मी हेडक्वार्टर में डायरेक्टर जनरल ऑफ ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स एंड स्ट्रैटेजिक मूवमेंट के रूप में सेवाएं दीं।
#ipnlive #ipnnews #ipn #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #IndianArmy #SuryakCommand #Lucknow #SanjayMitra

No Previous Comments found.